’72 हूरें’ ट्रेलर ‘उचित प्रक्रिया’ के तहत है : सीबीएफसी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 Jun 2023 09:00 PM
’72 हूरें’ ट्रेलर ‘उचित प्रक्रिया’ के तहत है : सीबीएफसी
ऑडियो सुनें

मुंबई. केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने बृहस्पतिवार को यह खबर खारिज कर दी कि ’72 हूरें’ फिल्म के ट्रेलर को प्रमाणपत्र से इनकार कर दिया गया है. उसने कहा कि यह मामला ‘उचित प्रक्रिया के तहत’ है. मंगलवार को इस फिल्म के सह-निर्माता अशोक पंडित ने दावा किया था कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म के ट्रेलर को प्रमाणपत्र देने से इनकार कर दिया. यह फिल्म सात जुलाई को रिलीज होने वाली है.

बोर्ड ने एक प्रेस नोट में कहा, ”मीडिया के एक वर्ग में यह गुमराह करने वाली खबर आ रही है कि ‘बहत्तर हूरें’ फिल्म और उसके ट्रेलर को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड’ ने प्रमाणपत्र देने से इनकार कर दिया.” उसने कहा, ” इस खबर के विपरीत सीबीएफसी का कहना है कि फिल्म ‘बहत्तर हूरें’ को ”ए” प्रमाणपत्र दिया गया है और यह प्रमाणपत्र चार अक्टूबर, 2019 को जारी किया गया था.” इस फिल्म में पवन मल्होत्रा और आमिर बशीर मुख्य किरदार में हैं तथा संजय पुरान सिंह चौहान ने निर्देशन किया है. यह फिल्म हिंसक चरमपंथ के परिणामों पर केंद्रत है. इस फिल्म ने 2021 सर्वश्रेष्ठ निर्देशन को लेकर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता था.

सीबीएफसी ने कहा कि फिल्म के निर्माताओं ने 19 जून को फिल्म के ट्रेलर के वास्ते प्रमाणपत्र के लिए आवेदन दिया था और उस पर सिनेमाटोग्राफ अधिनियम, 1952 की धारा 5 बी के तहत जारी दिशानिर्देश के अनुसार विचार किया गया. प्रेस नोट में कहा गया है, ” आवेदक से जरूरी दस्तावेज जमा करने को कहा गया था और उनके मिलने के बाद प्रमाण संशोधन की शर्त पर जारी किया गया.”

उसमें कहा गया है, ” 27 जून, 2023 को आवेदक/फिल्मकार को संशोधन की सूचना देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और आवेदक के जवाब/अनुपालन के कारण वह लंबित है. जब यह मामला प्रक्रियाधीन है, इस तरह की किसी भी भ्रामक रिपोर्ट पर गौर नहीं किया जाएगा .” ”72 हूरें ” को गोवा में भारतीय फिल्मोत्सव के भारतीय पैनोरमा खंउ में दिखाया गया था जहां उसे आईसीएफटी-यूनेस्को गांधी मेडल विशेष उल्लेख मिला.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu