जल जीवन मिशन के तहत काम कर रहे चार कर्मियों का नक्सलियों ने अपहरण किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 12 Feb 2024 10:38 PM
जल जीवन मिशन के तहत काम कर रहे चार कर्मियों का नक्सलियों ने अपहरण किया
ऑडियो सुनें

सुकमा. छत्तीसगढ. के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में जल जीवन मिशन के तहत काम कर रहे चार श्रमिकों का नक्सलियों ने कथित तौर पर अपहरण कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। कथित रूप से अपहृत व्यक्तियों में से दो के परिजनों ने नक्सलियों से उन्हें रिहा करने की अपील की है।

सूत्रों ने बताया कि यह घटना रविवार को जगरगुंडा थाना क्षेत्र में हुई, जो सुकमा शहर से लगभग 40 किलोमीटर दूर जंगल में स्थित है।
सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नक्सलियों का एक समूह उस स्थान पर पहुंचा जहां पाइपलाइन बिछाने का काम किया जा रहा था और बाद में उन्होंने चार श्रमिकों का अपहरण कर लिया।

उन्होंने बताया कि श्रमिकों के परिवार के सदस्यों ने अभी तक इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन अपहृत श्रमिकों की रिहाई के लिए विभिन्न माध्यमों से प्रयास जारी हैं। सूत्रों ने बताया कि दो श्रमिकों की पहचान सुकमा शहर के निवासी के रूप में की गई है, जबकि अन्य स्थानीय गांव के निवासी बताए गए हैं। यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि उनका अपहरण क्यों किया गया है।

लापता श्रमिकों में से एक की मां ने यहां संवाददाताओं से कहा कि उनका बेटा परिवार में एकमात्र कमाने वाला है। उन्होंने नक्सलियों से उसे रिहा करने की अपील की है। एक अन्य महिला ने कहा कि उसका पति पानी की पाइपलाइन बिछाने का काम करने गया था।
महिला ने कहा, ”मेरे दो बच्चे हैं और हम बहुत गरीब हैं। मैं नक्सलियों से उसे रिहा करने की अपील करती हूं।”

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu