लाल सागर में व्यापारिक जहाजों को निशाना बना रहे हूती, स्थिति बहुत अच्छी नहीं: नौसेना प्रमुख

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 05 Mar 2024 08:38 PM
लाल सागर में व्यापारिक जहाजों को निशाना बना रहे हूती, स्थिति बहुत अच्छी नहीं: नौसेना प्रमुख
ऑडियो सुनें

पणजी. नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार ने मंगलवार को कहा कि हूती लाल सागर में ड्रोन और मिसाइलों से इजराइल, अमेरिका या ब्रिटेन के व्यापारिक जहाजों को निशाना बना रहे हैं और स्थिति “बहुत अच्छी नहीं” है. लाल सागर में जारी गतिविधियों को “इजराइल-हमास संघर्ष का एक परिणाम” बताते हुए एडमिरल ने कहा कि भारतीय नौसेना मुख्य रूप से भारतीय-ध्वजांकित जहाजों और सहायता चाहने वाले अन्य जहाजों को आवश्यक सुरक्षा प्रदान कर रही है.

नौसेना प्रमुख ने पणजी के पास नौसेना समर महाविद्यालय के नए प्रशासनिक भवन के उद्घाटन के मौके पर पत्रकारों से कहा, “भारतीय नौसेना लाल सागर और हिंद महासागर क्षेत्र के बीच आवाजाही में सभी व्यापारिक जहाजों की मदद कर रही है. मुख्य रूप से, हम भारतीय-ध्वजांकित जहाजों को देख रहे हैं, लेकिन हमारी मदद मांगने वाले किसी भी जहाज को सहायता प्रदान की जा रही है.” एडमिरल कुमार कहा कि भारतीय नौसेना ने (हमलावरों को) स्पष्ट संदेश दिया है कि हम हिंद महासागर को असुरक्षित बनाने वाले ऐसे कृत्यों को बर्दाश्त नहीं करेंगे.”

एडमिरल ने कहा, “जहां तक लाल सागर में गतिविधियों का सवाल है, यह इजराइल-हमास संघर्ष का एक परिणाम है. स्थिति बहुत अच्छी नहीं है. हूती व्यापारिक जहाजों को निशाना बना रहे हैं… वे जहाज शांतिपूर्ण तरीके से अपना काम कर रहे हैं और बड़े पैमाने पर इजराइल, अमेरिका, ब्रिटेन या इजरायल के स्वामित्व वाले हैं.” उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना हमारे जहाजों की सुरक्षा कर रही है और वे (हूती) जहाजों पर ड्रोन, मिसाइल और बैलिस्टिक मिसाइलें दाग रहे हैं.

नौसेना प्रमुख ने कहा, “कुछ जहाजों को नुकसान हुआ है लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ है.” एडमिरल ने कहा, “यह (लाल सागर की स्थिति) इस बात का उदाहरण है कि कैसे दुनिया के एक हिस्से से संघर्ष दूसरे हिस्से में फैल रहा है और अज्ञात ताकतें व्यापार को बाधित करने की कोशिश कर रही हैं ताकि वे अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इसमें शामिल कर सकें.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu