धमतरी. गंगरेल स्थित मां अंगारमोती के दर्शन कर सियादेही जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वाहन सोमवार को रुद्री थाना क्षेत्र के ग्राम भटगांव आईटीआई के पास अचानक पलट गई। हादसे में करीब 25 लोग घायल हो गए। पिकअप में लगभग 40 लोग सवार थे। सभी श्रद्धालु बालोद जिले के बोहरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, बोहरा गांव के श्रद्धालु पिकअप वाहन में सवार होकर गंगरेल स्थित मां अंगारमोती मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन के बाद सभी सियादेही की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भटगांव आईटीआई के पास पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। वाहन में सवार लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद घायलों को वरदान एंबुलेंस की मदद से धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। अचानक बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से अस्पताल में उपचार की व्यवस्था सक्रिय हो गई। डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में जुटी रही। हादसे में चित्रा 14 वर्ष, लक्ष्य 10 वर्ष, रुक्मणी 35 वर्ष, देविका 15 वर्ष, टेमन 11 वर्ष सहित अन्य लोग शामिल हैं।