दक्षिण चीन सागर विवाद को बिना किसी खतरे के हल किया जाएगा : आसियान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 06 Mar 2024 08:31 PM
दक्षिण चीन सागर विवाद को बिना किसी खतरे के हल किया जाएगा : आसियान
ऑडियो सुनें

मेलबर्न. ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने दक्षिण चीन सागर में फिलीपीन और चीन के तटरक्षक बलों के बीच हुई भिड़ंत को ‘असुरक्षित और अस्थिर व्यवहार’ करार देते हुए बुधवार को इस पर चिंता व्यक्त की और कहा कि क्षेत्र में विवाद को बिना किसी खतरे के हल किया जाएगा.

अल्बनीज का यह बयान ऐसे समय में आया है जब उनके देश की मेजबानी में दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संघ (आसियान) का तीन-दिवसीय शिखर सम्मेलन संपन्न हुआ. यद्यपि यह सम्मेलन विवादित दक्षिण चीन सागर में जारी घटनाओं को लेकर चीन को स्पष्ट रूप से कड़ा संदेश देने में विफल रहा. आसियान देशों के नेताओं ने विवादों को धमकियों के बजाय बातचीत के माध्यम से हल करने का आग्रह किया.

दरअसल, चीन के तटरक्षक बल के जहाजों ने मंगलवार को विवादित दक्षिण चीन सागर के तट पर फिलीपीन के जहाजों को रोका, जिससे मामूली भिड़ंत हो गयी. फिलीपीन तटरक्षक बल के प्रवक्ता कोमोडोर जय तैरिएला ने बताया कि चीन के जहाजों ने फिलीपीन के दो जहाजों के खिलाफ खतरनाक गतिविधियों को अंजाम दिया, जिससे फिलीपीन तटरक्षक के एक जहाज और चीनी तटरक्षक बल के एक जहाज के बीच टक्कर हो गयी. इसमें फिलीपीन तटरक्षक बल के चार सदस्य घायल हो गए.

फिलीपीन के जहाज को मामूली नुकसान पहुंचा है. हालांकि, इस संबंध में और जानकारी उपलब्ध नहीं है. लाओस के प्रधानमंत्री सोनेक्साय सिफांडोन के साथ शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करने वाले अल्बनीज ने कहा कि मंगलवार की झड़प ऑस्ट्रेलिया के लिए बेहद चिंताजनक थी.

उन्होंने कहा, ”यह बहुत ही खतरनाक है और इससे आपसी तालमेल खराब होने का जोखिम पैदा होता है, जो बाद में स्थिति को भयावह बना सकता है.” ऑस्ट्रेलिया ने द हेग (नीदरलैंड) में 2016 के मध्यस्थता फैसले का हवाला देते हुए शिखर सम्मेलन के अंत में आसियान घोषणा-पत्र को अपनाने के लिए फिलीपीन के दबाव का समर्थन किया था. इस घोषणा-पत्र में दक्षिण चीन सागर में बीजिंग के विशाल क्षेत्रीय दावों को अमान्य कर दिया गया है.

बुधवार देर रात जारी मेलबर्न घोषणा-पत्र में 2016 के फैसले का जिक्र नहीं किया गया है. यह शिखर सम्मेलन आसियान में ऑस्ट्रेलिया के पहले बाहरी भागीदार बनने के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस ऑस्ट्रेलियाई शहर में आयोजित किया गया था. अल्बनीज ने कहा कि ऐसे विषयों को खोजने के लिए समझौता करना होगा, जिन पर शिखर सम्मेलन में आसियान नेता सहमत हो सकें. अल्बनीज ने कहा, ”एक सामान्य मान्यता यह है कि हमें यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि दक्षिण चीन सागर में गतिविधि किसी भी तनाव को कम करे और इसे बढ़ाए नहीं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu