कर्नाटक विधानसभा सौध में पाक समर्थक नारेबाजी के लिए माफी मांगे कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 07 Mar 2024 07:22 PM
कर्नाटक विधानसभा सौध में पाक समर्थक नारेबाजी के लिए माफी मांगे कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर ‘विश्वासघात’ करने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को कुछ तस्वीरें साझा की और दावा किया कि इनमें राहुल गांधी सहित विपक्षी दल के वरिष्ठ नेताओं के साथ कर्नाटक विधानसभा परिसर में कथित तौर पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ का नारा लगाने के मामले में गिरफ्तार व्यक्ति भी मौजूद है.

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस शासित राज्य में हुई 27 फरवरी की घटना को लेकर ताजा हमला बोला और कहा कि यह कन्नड़ लोगों और हर भारतीय का अपमान है. उन्होंने कहा कि पहले तो कांग्रेस नेताओं ने इस बात को ही खारिज कर दिया कि ऐसी कोई नारेबाजी हुई थी और उसके नेताओं ने इस मुद्दे को उठाने के लिए भाजपा को ही निशाने पर लिया.

भाटिया ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा सोनिया गांधी और राहुल गांधी जैसे वरिष्ठ नेताओं को अपनी पार्टी की गलती स्वीकार करनी चाहिए और माफी मांगनी चाहिए. राज्यसभा चुनाव में जीत के बाद कांग्रेस नेता सैयद नासीर हुसैन के कुछ समर्थकों ने यह नारा लगाया था.

कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लोकतंत्र मजबूत हो रहा है और ‘यह कहना गलत नहीं होगा कि विपक्ष धोखा और विश्वासघात कर रहा है’. भाजपा नेता ने राहुल गांधी सहित विभिन्न कांग्रेस नेताओं के साथ एक आरोपी की तस्वीरें दिखाईं. उन्होंने राज्य के कांग्रेस नेताओं के साथ एक अन्य आरोपी की तस्वीरें भी दिखाईं.

विधान सौधा परिसर में 27 फरवरी को कथित तौर पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाने के लिए तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने आरोपों की सत्यता की जांच के लिए सरकार द्वारा संचालित फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला द्वारा जांच का आदेश दिया है. एफएसएल की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया.

भाटिया ने दावा किया कि भाजपा द्वारा यह मुद्दा उठाए जाने पर कर्नाटक सरकार ने दबाव में काम किया. उन्होंने भाजपा के आरोपों को खारिज करने के लिए कुछ ‘तथ्यों की जांच’ करने वालों पर भी कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक आरोपी को गले लगाते दिख रहे हैं और विपक्षी पार्टी अब पाकिस्तान से अपना समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रही है.

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा का संकल्प भारत का विकास करना और आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकना है लेकिन कांग्रेस को सिर्फ सत्ता में आने की चिंता है, चाहे उसे पाकिस्तान और राष्ट्र विरोधी लोगों के प्रति अपने प्यार ही क्यों न व्यक्त करना पड़े.
उन्होंने दावा किया कि जनता मोदी को तीसरी बार सरकार बनाने के लिए ऐतिहासिक जनादेश देगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu