अदालत ने ईडी अधिकारी पर हमला मामले में शाहजहां शेख की सीबीआई हिरासत चार दिन बढ़ाई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Mar 2024 06:41 PM
अदालत ने ईडी अधिकारी पर हमला मामले में शाहजहां शेख की सीबीआई हिरासत चार दिन बढ़ाई
ऑडियो सुनें

बशीरहाट. यहां की एक अदालत ने संदेशखाली में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर भीड़ के हमले के मुख्य आरोपी शाहजहां शेख की सीबीआई हिरासत रविवार को और चार दिनों के लिए बढ़ा दी. अदालत ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अनुरोध पर यह आदेश जारी किया. कलकत्ता उच्च न्यायालय के एक आदेश पर मामले की जांच सीबीआई को हस्तांतरित किये जाने के साथ छह मार्च को उसे शेख की हिरासत सौंपी गई थी.

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर उस वक्त हमला किया गया था, जब वे शेख के संदेशखाली स्थित परिसर में छापा मारने पहुंचे थे. शेख को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से अब निलंबित कर दिया गया है. उत्तर 24 परगना जिले में बशीरहाट की अदालत के न्यायाधीश ने शेख की सीबीआई हिरासत चार दिनों के लिए बढ़ा दी. अदालत ने निर्देश दिया कि शेख को 14 मार्च को फिर से अदालत के समक्ष पेश किया जाए.

शेख को कोलकाता से करीब 70 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बशीरहाट की अदालत में पेश किया गया. टीएमसी के निलंबित नेता को कोलकाता में सीबीआई की हिरासत में रखा गया है. ईडी के अधिकारियों पर लगभग 1,000 लोगों की भीड़ ने उस वक्त हमला कर दिया था, जब वे कथित राशन वितरण घोटाला मामले में एजेंसी की जांच के सिलसिले में 5 जनवरी को संदेशखाली में शेख के परिसर की तलाशी लेने गए थे. घोटाले के सिलसिले में राज्य के एक पूर्व मंत्री को गिरफ्तार किया गया है. शेख को राज्य की पुलिस ने 29 फरवरी को गिरफ्तार किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu