बुमराह की जगह अश्विन आईसीसी टेस्ट रैंकिंग के शीर्ष गेंदबाज बने

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 13 Mar 2024 08:08 PM
बुमराह की जगह अश्विन आईसीसी टेस्ट रैंकिंग के शीर्ष गेंदबाज बने
ऑडियो सुनें

दुबई. अपने 100वें टेस्ट मैच में नौ विकेट झटकने वाले अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) की बुधवार को जारी नवीनतम टेस्ट रैंकिंग में गेंदबाजों की सूची में शीर्ष स्थान पर पहुंच गये हैं जबकि कप्तान रोहित शर्मा की बल्लेबाजों की रैंकिंग की शीर्ष 10 में वापसी हुई है.

अश्विन ने धर्मशाला में श्रृंखला के पांचवें टेस्ट मैच की पहली पारी में चार और दूसरी पारी में पांच विकेट चटकाए थे. उन्होंने अपने करियर में 36वीं बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया. भारतीय टीम ने इस मैच को जीतकर श्रृंखला 4-1 से अपने नाम की थी.
इस टेस्ट में शतकीय पारी खेलने वाले रोहित ने बल्लेबाजों की रैंकिंग में पांच स्थान का सुधार किया. वह तालिका में शीर्ष पर काबिज केन विलियमसन से 108 रेटिंग अंक पीछे हैं. यशस्वी जायसवाल (दो स्थान के सुधार के साथ आठवें) और शुभमन गिल (11 स्थान के सुधार के साथ 20वें) भी करियर की सर्वश्रेष्ट रैंकिंग हासिल करने में सफल रहे.

बुमराह दूसरे स्थान पर खिसक गये हैं. वह इस स्थान को ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के साथ साझा कर रहे हैं. हेजलवुड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले गये दूसरे टेस्ट मैच में छह विकेट लिये थे. खब्बू स्पिनर कुलदीप यादव 15 स्थान के सुधार के साथ करियर की सर्वश्रेष्ठ 16वीं रैंकिंग हासिल करने में सफल रहे.

न्यूजीलैंड के मैट हेनरी (छह पायदान ऊपर 12वें स्थान पर) भी करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल करने में सफल रहे. रविंद्र जडेजा हरफनमौला खिलाड़ियों की सूची में पहले जबकि अश्विन दूसरे स्थान पर बने हुए हैं. ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस (दो पायदान ऊपर आठवें स्थान पर) और हेनरी (छह पायदान के सुधार के साथ 11वें) भी अपनी रैंकिंग में बड़ा सुधार करने में सफल रहे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu