ओटावा/सोनीपत. कनाडा के वैंकूवर शहर में 24 वर्षीय भारतीय युवक की उसकी कार में गोली मारकर हत्या कर दी गई. युवक उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए 2022 में कनाडा गया था. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. वैंकूवर पुलिस विभाग ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि स्थानीय निवासियों द्वारा गोलियों की आवाज सुनने के बाद 12 अप्रैल को रात करीब 11 बजे अधिकारियों को सूचित किया गया.
पुलिस ने कहा कि चिराग आंतिल इलाके में अपनी कार के अंदर मृत पाये गये. उसने कहा कि मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच जारी है. पुलिस ने कहा कि यह घटना बैसाखी त्योहार के मद्देनजर उत्सव स्थल के लिए जाने वाले एक मार्ग पर हुई.
वहीं, कनाडा पुलिस से इस संबंध में ई-मेल प्राप्त होने के बाद मृतक चिराग आंतिल के परिवार ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से न्याय की गुहार लगाते हुए शव को जल्द से जल्द भारत लाने में मदद की अपील की है. आंतिल हरियाणा में सोनीपत के रहने वाले थे. वैंकूवर पुलिस विभाग की प्रवक्ता तानिया विसिनटिन ने कहा कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे इलाके में एक वाहन से आंतिल का शव मिला.
परिवार ने लगाई इंसाफ की गुहार
कनाडा पुलिस से इस संबंध में ई-मेल प्राप्त होने के बाद मृतक चिराग आंतिल के परिवार ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से न्याय की गुहार लगाते हुए शव को जल्द से जल्द भारत लाने में मदद की अपील की है. सोनीपत के सेक्टर-12 के रहने वाले 24 वर्षीय चिराग आंतिल के परिजनों ने बताया कि वह एमबीए की पढ़ाई करने के लिए सितंबर, 2022 में कनाडा के वैंकूवर शहर गए थे. आंतिल फिलहाल वर्क वीजा पर एक सिक्योरिटी कंपनी में काम करते थे.
मृतक के भाई रोमित आंतिल ने बताया कि उन्हें वैंकूवर पुलिस से ई-मेल के जरिये जानकारी प्राप्त हुई कि चिराग की वैंकूवर समयानुसार 12 अप्रैल रात करीब 11 बजे हत्या कर दी गई है. रोमित ने वैंकूवर पुलिस द्वारा उपलब्ध करायी गयी जानकारी के हवाले से बताया कि जांच अभी शुरुआती दौर में हैं और हत्या किसने की फिलहाल यह जानकारी सामने नहीं आयी है.
वैंकूवर पुलिस के मुताबिक अगले सप्ताह शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे भारत पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी. रोमित ने बताया कि मेल मिलने के बाद उन्होंने तुरंत कनाडा में चिराग के दोस्तों से संपर्क किया जिन्होंने वारदात की पुष्टि की लेकिन ज्यादा जानकारी होने से मना कर दिया. रोमित ने बताया कि हमने ट्वीट कर प्रधानमंत्री मोदी और विदेश मंत्री जयशंकर से इंसाफ की गुहार लगाई है ताकि जल्द से जल्द न्याय मिल सके.