देश की जनता और मुद्दों से भटके प्रधानमंत्री मोदी : प्रियंका गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Apr 2024 08:27 PM
देश की जनता और मुद्दों से भटके प्रधानमंत्री मोदी : प्रियंका गांधी
ऑडियो सुनें

जयपुर/मादीकेरी/सोलापुर. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वह देश की जनता और उनके मुद्दों से भटक गये हैं. कांग्रेस नेता ने यह भी दावा किया कि मोदी के पास इतनी शक्ति है कि उनके आसपास के लोग उन्हें सच बताने से डरते है.

प्रियंका गांधी वाद्रा ने जालोर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, ”आपकी समस्या क्या हैङ्घ महंगाई. मुझे लगता है कुछ हो गया है मोदी जी को. समझ नहीं पा रहे है. क्या होता है कि कई बार सत्ता का नशा इतना चढ़ जाता है कि लोग सच्चाई बताते ही नहीं हैं.” उन्होंने कहा, ”इंसान घिर जाता है.. चाहे कुछ भी उसका अनुभव हो लेकिन सत्ता का नशा होने पर लोग डरते हैं..अधिकारी डरते हैं, जो साथ में काम करते वो डरते हैं कि असलियत ना बताएं. इसलिए इंसान कट जाता है जनता से.. मुझे सचमुच लगता है कि मोदी जी देश की जनता और उनके मुद्दों से कट चुके हैं.” राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे और आगामी लोकसभा चुनाव में जालोर से कांग्रेस उम्मीदवार वैभव गहलोत के समर्थन में प्रिंयका गांधी जनसभा को संबोधित कर रही थीं.

प्रियंका गांधी ने कहा कि आजकल चुनाव के समय एक अजीब सा माहौल बन गया है. आपके ध्यान को भटकाने वाली सारी बातें हो रही हैं. बडे बडे प्रचार हो रहे हैं, अजीब सी बहकी-बहकी सी बातें हो रही हैं. उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री मोजी कभी अपनी झूठी वीरता दिखाते हैं तो कभी शेखी बघारते हैंङ्घ. मांस-मछली की बात करतें है.. कभी हवा में उड़ते हैं तो कभी समुद्र के नीचे चले जाते है..इन बातों से आपके जीवन का क्या मतलब है?”

प्रियंका ने कहा ”पूरी मीडिया में, टीवी में, आप फोन खोलेंगे तो फोन पर आपको यही दिखाई देता है कि देश आगे बढ रहा है तरक्की हो रही है.. सब बहुत खुशहाल हैङ्घ यह सच्चाई है क्या? उन्होंने कहा, ”जब आप देखते हैं कि देश में दूसरे देशों के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति आ रहे हैं और जी20 जैसे विशाल सम्मेलन हो रहे हैं तो हमें भी गर्व होता है, आपको भी गर्व होना चाहिए. लेकिन क्या इसका मतलब यह है इस देश की दूसरी असलीयत नहीं है.” कांग्रेस नेता ने कहा, ”इस देश की एक सच्चाई यह है कि इस देश का गरीब रोज सुबह शाम संघर्ष कर रहा है. इस देश की सच्चाई यह है कि आपकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है.”

भाजपा सरकार ने कभी कोई वादा पूरा नहीं किया और भविष्य में भी नहीं करेगी : सिद्धरमैया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रति वर्ष दो करोड़ नौकरियां देने, किसानों की आय दोगुनी करने समेत अन्य अधूरे वादों को फिर से उठाया और भाजपा के घोषणापत्र का मजाक उड़ाते हुए कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ सरकार ने कभी कोई वादा पूरा नहीं किया और न ही भविष्य में करेगी.

सिद्धरमैया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने पिछले 10 वर्षों में क्या किया है, इसकी समीक्षा होनी चाहिए.
सिद्धरमैया ने यहां भाजपा के घोषणापत्र के बारे में सवाल पूछे जाने पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, ”क्या उन्होंने (भाजपा) पहले किये वादों को पूरा किया? इस पर चर्चा होनी चाहिए. क्या उन्होंने (प्रत्येक बैंक खाताधारक को) 15 लाख रुपये दिए. क्या उन्होंने (प्रति वर्ष) दो करोड़ रोजगार का सृजन किया. क्या उन्होंने किसानों की आय दोगुनी की, क्या उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ पहल को पूरा किया. क्या अच्छे दिन आये. क्या सभी खाद्य उत्पादों और आवश्यक वस्तुओं की कीमतें कम हुईं.” उन्होंने कहा कि भाजपा नीत सरकार ने कभी भी कोई वादा पूरा नहीं किया और न ही भविष्य में पूरा करेगी.

उन्होंने कहा, ”वे (भाजपा) अलग-अलग वादे तो करते हैं. उदाहरण के तौर पर कर्नाटक में 2018 विधानसभा चुनावों के दौरान उन्होंने (भाजपा ने) छह सौ वादे किए थे लेकिन साठ भी पूरे नहीं किए. उन्हें पहले यह बताना होगा कि उन्होंने 10 वर्षों में क्या किया. उसके बाद ही वे कह सकते हैं कि भविष्य में क्या करेंगे. मोदी 10 साल से प्रधानमंत्री हैं, इस दौरान क्या किया पहले इसकी समीक्षा करनी होगी.”

मोदी लोकतंत्र को नष्ट कर रहे हैं, उनमें और पुतिन में कोई फर्क नहीं : शरद पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर देश में धीरे-धीरे लोकतंत्र को नष्ट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनमें और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच कोई फर्क नहीं है. पवार सोलापुर जिले में अकलुज में पत्रकारों से बात कर रहे थे, जहां वह माढा और सोलापुर लोकसभा सीट पर उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा करने के लिए पूर्व उपमुख्यमंत्री विजयसिंह मोहिते पाटिल के आवास पर पहुंचे.

उन्होंने कहा, ”मोदी नहीं चाहते कि विपक्ष से कोई भी निर्वाचित हो. प्रधानमंत्री का इस तरह का रुख दिखाता है कि उनमें और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन में कोई अंतर नहीं है.” पवार ने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने पर मौजूदा मुख्यमंत्री (अरविंद केजरीवाल) की गिरफ्तारी दिखाती है कि मोदी धीरे-धीरे संसदीय लोकतंत्र नष्ट कर रहे हैं और देश तानाशाही की ओर बढ़ रहा है.
उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतंत्र में सत्तारूढ़ पार्टी की तरह विपक्ष भी बराबर का महत्वपूर्ण है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu