द्रमुक ने परिवार के शासन और भ्रष्टाचार के अलावा राज्य के लिये क्या किया है: राजनाथ सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 Apr 2024 08:27 PM
द्रमुक ने परिवार के शासन और भ्रष्टाचार के अलावा राज्य के लिये क्या किया है: राजनाथ सिंह
ऑडियो सुनें

कृष्णागिरि (तमिलनाडु). भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने मंगलवार को तमिलनाडु में सत्तारूढ. द्रमुक से पूछा कि उसने ‘परिवार का शासन देने और भ्रष्टाचार’ के अलावा राज्य के लिए क्या किया है. रक्षा मंत्री सिंह ने आरोप लगाया कि द्रमुक भ्रष्टाचार मुक्त और विकासोन्मुखी सरकार देने में सक्षम नहीं है और उसका तथा सहयोगी दल कांग्रेस का एकमात्र उद्देश्य केंद्र की सत्ता पर काबिज होना है.

उन्होंने यहां भाजपा उम्मीदवार सी नरसिम्हन के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ”मैं द्रमुक से पूछना चाहता हूं कि आपने तमिलनाडु को क्या दिया है? उसने परिवार का शासन और भ्रष्टाचार दिया है. भाजपा कहती है कि राष्ट्र प्रथम, वहीं द्रमुक कहती है परिवार प्रथम.” राजनाथ सिंह ने कहा कि दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समाज कल्याण या राजनीति में शुचिता के मुद्दे पर सी राजगोपालाचारी, के कामराज और एम जी रामचंद्रन जैसे दिग्गज नेताओं से प्रेरित हैं और कमजोर वर्गों के सशक्तीकरण के लिए उनके बताए रास्तों पर बढ. रहे हैं.

उन्होंने कहा, ”जे जयललिता ने भी गरीबों के लिए काम किया था और जनता की सेवा की. मेरे मन में हमेशा उनके प्रति सम्मान रहा है.” सिंह ने कहा कि विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन लंबे समय तक नहीं चल सकता, क्योंकि उसके घटक दलों ने चुनाव से पहले ही लड़ना शुरू कर दिया और उनका एकमात्र उद्देश्य सत्ता पर काबिज होना है. उन्होंने कहा, ”मैं पूछना चाहता हूं कि क्या द्रमुक या कांग्रेस तमिलनाडु का विकास कर सकते हैं? क्या द्रमुक इस परिवार के परे सोच भी सकता है. क्या यह गठबंधन राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत कर पाएगा या चुनाव के बाद एकजुट रह पाएगा. सारे सवालों का जवाब है ‘इल्लई’ (तमिल भाषा में नहीं).” भाषा

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu