जम्मू कश्मीर: झेलम नदी में यात्रियों को ले जा रही नाव पलटी, छह लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 Apr 2024 07:31 PM
जम्मू कश्मीर: झेलम नदी में यात्रियों को ले जा रही नाव पलटी, छह लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. श्रीनगर शहर के बाहरी इलाके में मंगलवार को झेलम नदी में एक नाव के पलट जाने से छह लोगों की मौत हो गयी. अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि नाव में ज्यादातर स्कूली बच्चे थे. अधिकारियों ने बताया कि यह घटना गंदबल नौगाम इलाके में सुबह करीब आठ बजे हुई और अबतक छह लोगों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. पिछले कुछ दिनों से लगातार हुई बारिश के कारण झेलम नदी के साथ ही झीलों एवं जलाशयों के जलस्तर में वृद्धि हुई है. अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका कि नाव में कितने लोग सवार थे.

श्रीनगर के उपायुक्त बिलाल मोहिउद्दीन भट ने बताया कि इस हादसे में जान गंवाने वाले छह लोगों के शव बरामद किये गये हैं.
भट ने संवाददाताओं को बताया ” इस दुर्घटना में दुर्भाग्य से छह लोगों की मौत हो गई. हमने छह अन्य लोगों को बचा लिया है और उनमें से तीन का इलाज चल रहा है. उनकी हालत स्थिर है. बाकी तीन लोगों को उनके घर भेज दिया गया है.” उन्होंने बताया कि यह घटना सुबह 7:45 से आठ बजे के बीच घटी थी. ”हम यह पता लगा रहे हैं कि नाव में कितने लोग सवार थे. अभी तक हमें जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक नाव में सात नाबालिगों सहित 15 लोग सवार थे.” उपायुक्त ने बताया कि घटनास्थल पर अभी राहत-बचाव अभियान जारी है.

भट से पूछा गया कि क्या प्रशासन ने घाटी में विभिन्न नदियों और जलाशयों के जल स्तर में वृद्धि होने के बाद लोगों को चेतावनी दी थी ? उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने सोमवार को अलर्ट जारी कर नदी के तटबंधों के पास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा था.
उन्होंने कहा, ”हमने कल एक अलर्ट जारी किया था. मैंने लगभग आधी रात तक शहर में गश्त की थी. श्रीनगर के राम मुंशीबाग में झेलम का खतरे का स्तर 18 फुट है. जब स्तर 10 फुट से अधिक हो जाता है, तो हम प्रारंभिक चेतावनी जारी करते हैं और तटों के पास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के लिए कहते हैं. यह खतरे के स्तर से नीचे बह रही थी और कल रात 10 बजे के आसपास बारिश भी रुक गई थी.”

उपायुक्त भट से पूछा गया कि क्या नाव क्षमता से अधिक भरी हुई थी, इसके जवाब में उन्होंने कहा, ”हम इसकी जांच कर रहे हैं.” कश्मीर के संभागीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, श्रीनगर के उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित नगर निकाय के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी गंदबल में चल रहे बचाव अभियान की निगरानी के लिए घटनास्थल पर मौजूद हैं. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और कई अन्य नेताओं ने इस हादसे में मारे गये लोगों की मौत पर दुख जताया.

मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”श्रीनगर में नाव पलट जाने से लोगों की मृत्यु पर मुझे गहरा दुख हुआ. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वह उन्हें इस अपार क्षति को सहने की शक्ति दें. राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), सेना और अन्य एजेंसियों की टीम घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान में जुटी हुई हैं.” उपराज्यपाल ने कहा कि वह लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

सिन्हा ने कहा, ”प्रशासन उन शोक संतप्त परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया है. जो लोग घायल हुए हैं उनका उपचार कराया जा रहा है. मार्कोस टीमों को भी अलर्ट कर दिया गया है. मैं लगातार स्थिति पर नजर रख रहा हूं और जमीनी स्तर पर टीम का मार्गदर्शन कर रहा हूं.” नेशनल कॉन्फ्रेंस ने भी इस घटना पर दुख जताया.

पार्टी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”नेकां के अध्यक्ष फारूख अब्दुल्ला और उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने बटवाड़ा के गंदबल में नाव पलटने से तीन नाबालिगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है.” पार्टी ने प्रशासन से बचाव अभियान में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आग्रह किया है. इसमें कहा गया है कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं.

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा, ”इस हादसे में कई बच्चों के मरने की सूचना मिली है. उनके परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और मैं प्रशासन से उन्हें हरसंभव मदद करने का आग्रह करती हूं. जम्मू-कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं जताई और एसएमएचएस में इलाज करा रहे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की.

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता एम.वाई. तारिगामी ने कहा कि उन्हें लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ है. उन्होंने कहा, ”पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. इस मार्ग पर फुटब्रिज का निर्माण न होने से यह हादसा हुआ, जिसका निर्माण कार्य वर्षों से लटका है.” अपनी पार्टी के प्रमुख अल्ताफ बुखारी ने प्रशासन से जरूरतमंद लोगों को जल्द सहायता देने का आग्रह किया. उन्होंने कहा, ”श्रीनगर के बटवाड़ा के पास झेलम नदी में बच्चों सहित कई लोगों को ले जा रही एक नाव के पलटने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ.” बुखारी ने कहा, ”बहुमूल्य जिंदगियों का जाना बहुत दुखद है. इस भयानक दुर्घटना से प्रभावित हुए परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं हैं. प्रशासन से जरूरतमंद लोगों को जल्द सहायता पहुंचाने का आग्रह करता हूं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu