मोदी सरकार के कार्यकाल में ही पूर्वोत्तर मुख्यधारा में शामिल हो सका: नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 18 Apr 2024 07:43 PM
मोदी सरकार के कार्यकाल में ही पूर्वोत्तर मुख्यधारा में शामिल हो सका: नड्डा
ऑडियो सुनें

कोकराझार/रौता. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर पूर्वोत्तर को ”अलग-थलग” रखने का आरोप लगाया और दावा किया कि नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार में ही पूर्वोत्तर मुख्यधारा में शामिल हो सका. नड्डा ने यह आरोप भी लगाया कि विपक्षी दलों को जनता के कल्याण की चिंता नहीं है और वे खुद को अनेक घोटालों में आरोपित होने से बचाने में लगे हैं.

नड्डा ने बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (बीटीआर) में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार जयंत बासुमतारी के समर्थन में यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राजग सरकार द्वारा किए गए शांति समझौते के कारण क्षेत्र में शांति लौटी है. राज्य में भाजपा नीत गठबंधन में सहयोगी ‘यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल’ (यूपीपीएल) ने बासुमतारी को मैदान में उतारा है. इस सीट पर सात मई को मतदान होगा.

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ”कांग्रेस की नीति पूर्वोत्तर को अलग-थलग और अंधेरे में रखने की थी. यह मोदी और हिमंत विश्व शर्मा की सरकारें हैं जिन्होंने आपको देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने की दिशा में काम किया.” भाजपा नेता ने कहा, ”दस वर्ष पहले जब आप दिल्ली आते थे तो लोग पूछते थे कि आप किस देश से आए हो लेकिन अब एकीकरण पूरा हुआ.” मोदी शासन के तहत विशेष रूप से बोडो उग्रवादी संगठनों के साथ हुए शांति समझौतों का जिक्र करते हुए भाजपा नेता ने दावा किया कि पिछले दस वर्षों में इस क्षेत्र में उग्रवादियों के हमलों और नागरिकों की मौत के मामलों में भारी कमी आई है.

उन्होंने जनवरी 2020 के बोडो शांति समझौते का उल्लेख करते हुए कहा, ”यह वही कोकराझार है जो आंदोलनों, जातीय संघर्ष, बंद, विस्फोट, नाकेबंदी, हड़ताल के लिए जाना जाता था. कोकराझार एक तरह से ‘आंदोलन’ का केंद्र बन गया था. लेकिन मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में शांति समझौते पर हस्ताक्षर हुए.” उन्होंने कहा कि शांति समझौते के तहत मोदी सरकार की ओर से 1500 करोड़ रुपये दिये गये हैं.

भाजपा अध्यक्ष ने कहा,” पूर्वोत्तर के 70 फीसदी हिस्से से सशस्त्र बल (विशेषाधिकार) अधिनियम हटा दिया गया है.” उन्होंने कहा, ”किसी को भी आज के ‘अच्छे दिन’ की प्रशंसा करने के लिए अतीत के ‘बुरे दिन’ को याद करना होगा.” नड्डा ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में क्षेत्र के विकास के लिए पांच लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के तेजी से विकास के लिए ‘लुक ईस्ट’ नीति को ‘एक्ट ईस्ट’ नीति में बदला गया.

भाजपा नेता ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 10 वर्षों में इस क्षेत्र का 70 बार दौरा किया, जो पिछले सभी प्रधानमंत्रियों की कुल यात्राओं से भी अधिक है. उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रियों ने पिछले एक दशक में 680 बार उत्तर पूर्व का दौरा किया है. नड्डा ने कहा कि कांग्रेस से लेकर राष्ट्रीय जनता दल, समाजवादी पार्टी से लेकर द्रमुक और अन्य विभिन्न दलों के विपक्षी नेताओं के नाम भ्रष्टाचार के मामलों में शामिल हैं.

उन्होंने कहा, ”ये घोटाले जमीन के अंदर (कोयले) से लेकर अंतरिक्ष तक (5जी) के बीच हुए.” नड्डा ने राजग उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने और तीसरी बार केंद्र में भाजपा नीत सरकार बनाने का आह्वान करते हुए लोगों से कहा, ”इन लोगों को आपकी (जनता) चिंता नहीं है, बल्कि ये आपसे वोट मांग रहे हैं ताकि खुद को और अपने परिवार को बचा सकें.”

उन्होंने लालू प्रसाद जैसे नेताओं के जमानत पर बाहर होने और अरविंद केजरीवाल तथा हेमंत सोरेन जैसे अन्य नेताओं के अब भी सलाखों के पीछे होने का जिक्र करते हुए कहा, ”विपक्षी नेता या तो जमानत पर हैं या जेल में हैं.” बाद में दरांग-उदलगुड़ी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत रौता में दूसरी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश में ‘राजनीति का चरित्र, परिभाषा और कामकाज का तरीका’ बदल गया है.

उन्होंने दावा किया कि दरांग और उदलगुड़ी के लोग अब मोदी सरकार में शांति और विकास देख रहे हैं जिसके बारे में पहले सोचा भी नहीं जाता था. इस संसदीय क्षेत्र से भाजपा के दिलीप सैकिया दूसरी बार लोकसभा में जाने के लिए मैदान में हैं. नड्डा ने कहा, ”यहां इस तरह की सोच थी कि कभी कुछ नहीं बदलेगा. बोडोलैंड आंदोलन हमेशा जारी रहेगा. लोगों को इसके साथ रहना होगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu