भाजपा को आड़े हाथ लेने पर कुछ मीडिया संस्थान मुझे हर समय गाली देते रहते हैं: राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 18 Apr 2024 09:40 PM
भाजपा को आड़े हाथ लेने पर कुछ मीडिया संस्थान मुझे हर समय गाली देते रहते हैं: राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

कन्नूर. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि कुछ मीडिया संस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नीतियों और विचारधारा तथा केंद्र सरकार की आलोचना करने के लिए नियमित रूप से उन्हें (राहुल को) अपशब्द बोल रहे हैं और राष्ट्रीय स्तर पर उनकी छवि बिगाड़ रहे हैं. राहुल ने यहां एक बड़ी चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा पर निशाना साधा कि यह पार्टी देश में वैमनस्य बढ़ा रही है और लाखों लोगों को नुकसान पहुंचा रही है.

उन्होंने कहा, ”मैं भाजपा और आरएसएस से लड़ता हूं. वे कुछ भी करते रहें, मैं हर दिन उनसे लड़ता हूं. मेरा उनसे वैचारिक मतभेद है और मैं हर दिन उठता हूं और खुद से पूछता हूं कि मैं आज उन्हें कैसे परेशान करने वाला हूं?” गांधी ने कहा, ”उनके मीडिया चैनल मुझे चौबीसों घंटे गाली देते हैं. पूरे देश में मेरी छवि खराब कर दी गई है.” उन्होंने हिंसा प्रभावित मणिपुर नहीं जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा जहां भी जाती है, वह लोगों को बांटती है, लोगों को एक-दूसरे से लड़ाती है तथा समस्याएं पैदा करती है.

राहुल ने कहा, ”यह बात समझनी होगी कि भारत इतना असंतुलित कभी नहीं रहा जितना आज है. आज की तरह संपदा का असमान वितरण कभी नहीं देखा गया. अगली (कांग्रेस-नीत) सरकार को गरीब जनता का पूरी तरह समर्थन करना होगा.” राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी पर कोविड-19 महामारी के दौरान नि्क्रिरयता का आरोप लगाते हुए कहा कि जब लाखों लोग मर रहे हों, तो प्रधानमंत्री लोगों से ताली बजाने को कह रहे थे.

उन्होंने कहा, ”…और पूरा मीडिया कह रहा था कि हमारे प्रधानमंत्री कितने बुद्धिमान हैं. आप भारत को नहीं समझते और बिना किसी से पूछे फैसले लेते हैं, इसलिए आप इस देश को बहुत नुकसान पहुंचा रहे हैं.” कांग्रेस नेता ने केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि वह भाजपा के खिलाफ लड़ रहे हैं तो विजयन उन्हें (राहुल को) ही आड़े हाथों क्यों ले रहे हैं. राहुल ने कहा कि ईडी ने उनसे 55 घंटे तक पूछताछ की थी, उनकी लोकसभा सदस्यता चली गई और सरकारी आवास चला गया. उन्होंने कहा कि दो मुख्यमंत्री जेल में हैं, लेकिन केरल के मुख्यमंत्री के साथ इनमें से कुछ नहीं हो रहा.

राहुल ने कहा, ”ईडी, सीबीआई उनसे (विजयन से) पूछताछ क्यों नहीं कर रहे? मैं 24 घंटे भाजपा को आड़े हाथों ले रहा हूं और मुख्यमंत्री मुझपर ही हमला बोल रहे हैं. यह बड़ी असमंजस वाली बात है.” उन्होंने कहा कि भाजपा देश की विविधता को बदलने का प्रयास कर रही है, जबकि कांग्रेस वैचारिक भिन्नता को स्वीकार करती है. उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव देश के आधुनिक इतिहास में संभवत: पहला ऐसा चुनाव होगा जो ”भारत के संविधान और हमारे देश के लोकतांत्रिक ढांचे के बारे में होगा.” राहुल ने कहा, ”भाजपा आज भारत में जो करने का प्रयास कर रही है, उसकी कोशिश किसी राजनीतिक दल ने नहीं की. संविधान आधुनिक भारत की बुनियाद है. यह हमारी जनता को समान अधिकार और समान अवसर देता है. हमारा संविधान देश में विभिन्न संस्थानों द्वारा संरक्षित है.” उन्होंने कहा कि नौकरशाही, न्यायपालिका, निर्वाचन आयोग, पुलिस, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और अन्य एजेंसियां संविधान एवं भारतीय नागरिकों के अधिकारों की संरक्षक मानी जाती हैं.

कांग्रेस नेता ने कहा, ”इन संस्थानों पर कब्जा कर, ईडी और सीबीआई को राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर, भाजपा हमारे देश की मूल प्रकृति को बदलने का प्रयास कर रही है. कांग्रेस पार्टी और यूडीएफ भारत की विविधता को स्वीकार करते हैं. हम बहु भाषाओं, परंपराओं, अलग-अलग इतिहास और हमारे सभी लोगों के विचारों को स्वीकार करते हैं, लेकिन भाजपा भारत के लोगों पर एक इतिहास, एक राष्ट्र, एक भाषा थोपना चाहती है.” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश की विविधता को बदलने का प्रयास कर रही है और अपना वक्त ”बर्बाद” कर रही है.

राहुल ने कहा, ”पहली बात तो यह कि इसे (विविधता) कभी नहीं बदला जा सकता. आप अपना वक्त बर्बाद कर रहे हैं. लेकिन सबसे महत्वपूर्ण यह है कि आप भारतीय लोगों की ऊर्जा भी बर्बाद कर रहे हैं. आप अशांति पैदा कर रहे हैं और यह अशांति लोगों को नुकसान पहुंचा रही है.” वह कन्नूर से चुनाव लड़ रहे केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष के. सुधाकरण और कासरगोड़ से उम्मीदवार राजमोहन उन्निथन के लिए प्रचार कर रहे थे. केरल में लोकसभा चुनाव के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा और नतीजों की घोषणा चार जून को की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu