राहुल गांधी के सिपहसालार ने भारत को रंग के आधार पर बांटने की बात की : नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 09 May 2024 07:54 PM
राहुल गांधी के सिपहसालार ने भारत को रंग के आधार पर बांटने की बात की : नड्डा
ऑडियो सुनें

चित्रकूट/नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा की हाल की एक टिप्पणी की कड़ी आलोचना करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के एक सलाहकार ने भारत को रंग के आधार पर बांटने की बात की है.

नड्डा ने यहां एक चुनावी रैली को सम्बोधित करते हुए कहा, ”राहुल गांधी के एक सिपहसालार और सलाहकार ने भारत को त्वचा के आधार पर विभाजित करने की बात की है. ऐसे लोग भारत की संस्कृति के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं.” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी बुधवार को त्वचा के रंग संबंधी सैम पित्रोदा की टिप्पणियों को लेकर कांग्रेस पर हमला किया था और कहा था कि देशवासी त्वचा के रंग के आधार पर अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे. मोदी ने कहा था कि उन्हें अब समझ आ गया है कि कांग्रेस राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रपति मुर्मू को हराना चाहती थी क्योंकि उनकी ‘त्वचा का रंग गहरा है.’

‘ओवरसीज कांग्रेस’ के अध्यक्ष रहे पित्रोदा ने टिप्पणी थी कि देश के पूर्वी हिस्सों के लोग चीनियों जैसे दिखते हैं, जबकि दक्षिण के लोग अफ्रीकियों जैसे दिखते हैं. उनकी इस टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है. नड्डा ने राहुल पर हमला बोलते हुए कहा, ”राहुल गांधी इन दिनों संविधान की कॉपी लेकर घूम रहे हैं. सच्चाई यह है कि कांग्रेस हमारे दलित, आदिवासी, पिछड़े और अतिपिछड़े भाइयों का हक छीनकर धर्म के आधार पर आरक्षण देना चाहती है.”

‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया)’ को ‘घमंडिया गठबंधन’ करार देते हुए नड्डा ने कहा, ”यह घमंडिया गठबंधन केवल दो चीजों का गठबंधन है. मोदी जी कहते हैं कि भ्रष्टाचारियों को हटाओ जबकि घमंडिया गठबंधन के सदस्य कहते हैं कि भ्रष्टाचारियों को बचाओ. यह अहंकारी गठबंधन भ्रष्ट लोगों का जमावड़ा है. ये सभी परिवारवादी लोग हैं.” भाजपा अध्यक्ष ने यह भी कहा, ”10 साल पहले भारत के सामान्य नागरिकों के मन में यह बात घर कर गई थी कि अब कुछ नहीं बदलेगा. राजनीति ऐसी ही है, यहां गुंडों का राज चलेगा लेकिन मोदी जी के आने के बाद भारतीय राजनीति में सब कुछ बदल गया है. इन चुनावों में आप न केवल भाजपा को जीत दिला रहे हैं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं.”

नड्डा ने विपक्ष पर हमला तेज करते हुए कहा, ”10 साल तक भारतीय राजनीति में भाई-भतीजावाद, जातिवाद, व्यक्तिवाद, भ्रष्टाचार, वोट बैंक और तुष्टीकरण प्रमुख कारक थे लेकिन पिछले 10 सालों में, मोदी जी ने विकास की राजनीति को आगे बढ़ाया और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर काम किया.” उन्होंने कहा, ”आज देश में रिपोर्ट कार्ड, जवाबदेही, विकास और सबको साथ लेकर चलने की राजनीति चल रही है. यही मोदी जी की संस्कृति है. जो कहा गया था, वह किया गया है और जो नहीं कहा गया था, वह भी किया गया है.”

नड्डा ने कहा, ”एक समय था जब उत्तर प्रदेश एक ‘बीमारू’ राज्य था लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य से अग्रणी राज्य बन गया है.” ‘बीमारू’ (बीमार) 1980 के दशक के मध्य में जनसांख्यिकी विशेषज्ञ आशीष बोस द्वारा गढ़ा गया शब्द है जो बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश जैसे कुछ सबसे गरीब राज्यों के नामों के पहले अक्षरों से बना था. चित्रकूट जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्र चित्रकूट और मानिकपुर बांदा लोकसभा क्षेत्र में आते हैं जहां मौजूदा लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होगा.

पित्रोदा की टिप्पणी को लेकर भाजपा ने दिल्ली में कांग्रेस कार्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया
भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को यहां अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया और सैम पित्रोदा की विवादास्पद टिप्पणी पर राहुल गांधी सहित पार्टी के नेताओं से माफी की मांग की. विरोध प्रदर्शन में भारतीय जनता पाटी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि विविधता भारत की सबसे बड़ी ताकत है और यह एकता की सामूहिक भावना से बंधी हुई है.

सचदेवा ने कहा, “लेकिन कांग्रेस नेता का जातिवादी बयान हमारी एकता और अखंडता पर कुठाराघात करता है. पित्रोदा का यह बयान अनायास नहीं है. लोकसभा चुनाव के तीन चरणों के बाद अपने पैरों के नीचे से जमीन खिसकती देख कांग्रेस नेता अब जातिवादी टिप्पणियों का सहारा ले रहे हैं.” प्रदर्शनकारियों ने देश के लोगों और विदेश में रहने वाले भारतीयों का अपमान करने के लिए पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं से माफी की मांग की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu