मोदी फिर से प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे, उप्र में ‘इंडिया गठबंधन’ का तूफान आ रहा है : राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 10 May 2024 07:53 PM
मोदी फिर से प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे, उप्र में ‘इंडिया गठबंधन’ का तूफान आ रहा है : राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

कन्नौज/कानपुर. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को दावा किया कि नरेन्द्र मोदी फिर से देश के प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे और लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सबसे बड़ी हार होगी. उन्होंने यहां एक चुनावी रैली में यह भी कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया)’ का उत्तर प्रदेश में तूफान आ रहा है.

उन्होंने शुक्रवार को यहां समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ”यह लिखित में ले लें कि नरेन्द्र मोदी भारत के प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे.” गांधी और यादव के अलावा आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह ने भी ‘इंडिया’ की इस संयुक्त रैली को संबोधित किया. कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 80 लोकसभा सीट में से 17 पर लड़ रही है. पिछली बार भाजपा ने 62 सीट जीती थी और उसकी सहयोगी अपना दल (एस) ने दो सीट जीती थी.

कांग्रेस और उद्योगपतियों अडाणी एवं अंबानी के बीच साठगांठ के मोदी के आरोप पर राहुल गांधी ने पलटवार करते हुए कहा,”आपने देखा होगा कि 10 साल में नरेन्द्र मोदी जी ने अडाणी और अंबानी का नाम नहीं लिया…10 साल में उन्होंने हजारों भाषण दिए, लेकिन अडाणी-अंबानी का नाम तक नहीं लिया. मगर, जब कोई डर जाता है, तो वह उन लोगों का नाम लेता है, जिनके बारे में वह सोचता है कि वे उसे बचा पायेंगे…इसीलिए मोदी जी ने अपने दो मित्रों का नाम ले लिया .” उन्होंने प्रधानमंत्री का मजाक उड़ाते हुए कहा, ” वह कह रहे हैं कि मुझे बचाओ, इंडिया गठबंधन ने मुझे घेर लिया है, मैं हार रहा हूं. मोदी जी कह रहे हैं कि अडाणी-अंबानी जी मुझे बचाइए. ”

उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा बुधवार को दिये गये भाषण का जिक्र करते हुए कहा, ” अच्छा , उनको यह भी मालूम है कि अडाणी जी किस टेम्पो में और कैसा पैसा भेजते हैं. प्रधानमंत्री जी को टेम्पो वाला व्यक्तिगत अनुभव है .” कांग्रेस पर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को मांग की थी कि पार्टी को लोगों को बताना चाहिए कि उसने ‘अंबानी-अडानी’ मुद्दा उठाना क्यों बंद कर दिया है जैसा कि उसके ‘शहजादे’ करते थे. उन्होंने पूछा कि क्या उसने कोई ‘सौदा’ कर लिया है.

उप्र में ‘इंडिया’ गठबंधन को 50 से कम सीट नहीं मिलेगी: राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को दावा किया कि लोकसभा चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन को उत्तर प्रदेश में 50 से कम सीट नहीं मिलेंगी. कानपुर में विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दल कांग्रेस के उम्मीदवार आलोक मिश्रा के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने चुनाव में अपनी मेहनत की भी चर्चा की.

उन्होंने कहा, ”हमें जो करना था, जो काम जो मेहनत करनी थी, वह कर दी है, अब आप देखना उप्र में हमारे गठबंधन (इंडिया गठबंधन) को 50 से कम एक भी सीट नहीं मिलने वाली है.” उप्र में लोकसभा की कुल 80 सीट हैं जिन पर राज्य में कांग्रेस, सपा और तृणमूल कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं.

राहुल ने अपने संबोधन में यह भी दावा किया कि,” 4 जून, 2024 को नरेन्­द्र मोदी हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे. आप लिखकर ले लो, नरेन्द्र मोदी जी हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हैं.” उन्होंने कहा, ”देश में हर प्रदेश में हमने भाजपा को रोका है. ये जो मीडिया वाले हैं, अडाणी के हैं, सच्चाई नहीं बोलेंगे.” मीडियार्किमयों के प्रति हमदर्दी दिखाते हुए गांधी ने तंज किया ”ये (पत्रकार) हमारे भाई हैं, इनसे हम मोहब्बत करते हैं, इनसे प्यार करते हैं मगर इनको वेतन लेना है, इसीलिए ये सच्चाई नहीं लिख सकते.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu