नीरज चोपड़ा डायमंड लीग की अगली प्रतियोगिता जीतने के लिए प्रतिबद्ध

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 11 May 2024 01:18 PM
नीरज चोपड़ा डायमंड लीग की अगली प्रतियोगिता जीतने के लिए प्रतिबद्ध
ऑडियो सुनें

दोहा: ओलंपिक और विश्व चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा दोहा चरण में दूसरे स्थान पर रहने के बाद डायमंड लीग की अगली प्रतियोगिता जीतने के लिए प्रतिबद्ध हैं। चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग में अपने अंतिम प्रयास में 88.36 मीटर भाला फेंक कर दूसरा स्थान हासिल किया था। वह इस चरण में स्वर्ण पदक जीतने वाले जैकब वाडलेज्च से केवल 2 सेंटीमीटर पीछे रह गए थे।

सत्र की अपनी पहली प्रतियोगिता में भाग ले रहे चोपड़ा ने अपने अंतिम प्रयास में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया लेकिन वह अपने खिताब का बचाव नहीं कर पाए। दो बार के विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स ने 86.62 मीटर के थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

चोपड़ा ने कहा,‘‘ मेरे लिए इस साल की सबसे महत्वपूर्ण प्रतियोगिता पेरिस ओलंपिक है लेकिन डायमंड लीग भी काफी महत्वपूर्ण है। यह मेरी इस सत्र की पहली प्रतियोगिता है तथा मैं केवल 2 सेंटीमीटर के अंतर के कारण दूसरे स्थान पर रहा लेकिन अगली बार में इससे बेहतर प्रदर्शन करके जीत दर्ज करने की कोशिश करूंगा।’’ डायमंड लीग का अगला चरण, जिसमें भाला फेंक स्पर्धा शामिल है, सात जुलाई को पेरिस में होगा।

चोपड़ा ने कतर में भारतीय प्रशंसकों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा,‘‘यहां कतर में भारतीय लोगों से समर्थन मिलना शानदार रहा। उनके इस समर्थन के लिए आभार व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं है। हो सकता है कि भविष्य में भारतीय खिलाड़ी इससे भी आगे निकल जाएं। मुझे भारतीय होने पर वास्तव में गर्व है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav