चीन के प्राथमिक स्कूल में महिला ने चाकू से हमला किया : दो की मौत, 10 घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 20 May 2024 07:54 PM
चीन के प्राथमिक स्कूल में महिला ने चाकू से हमला किया : दो की मौत, 10 घायल
ऑडियो सुनें

बीजिंग. पूर्वी चीन के जियांग्शी प्रांत में सोमवार को एक प्राथमिक विद्यालय में एक महिला ने लोगों पर चाकू से हमला किया जिससे दो लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गये. इस महीने चीन में चाकू से हमले की यह दूसरी घटना है. सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि यह घटना गुईशी शहर में हुई और पुलिस ने 45 वर्षीय आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है. अधिकारियों के अनुसार इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गये.

स्थानीय लोक सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि घायलों को इलाज किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि हमले के दौरान बचने की कोशिश कर रहे छह लोग मामूली रूप से घायल हो गये थे. रिपोर्ट में कहा गया है कि इस मामले में आगे की जांच जारी है. चीन में इस महीने चाकू से हमले की यह दूसरी घटना है. अधिकारी इन हमलों के लिए मानसिक रूप से विक्षिप्त या असंतुष्ट लोगों को जिम्मेदार ठहरा रहे है.

युनान प्रांत में सात मई को एक अस्पताल में छुरा घोंपने की घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी और 21 अन्य घायल हो गए थे.
पिछले साल अगस्त में, युनान में मानसिक रूप से बीमार एक व्यक्ति द्वारा चाकू से किए गए हमले में दो लोगों की मौत हो गई थी और सात अन्य घायल हो गए थे. उसी वर्ष जुलाई में, ऐसी ही एक अन्य घटना में तीन बच्चों सहित छह लोगों की मौत हो गई थी.
युनान के उत्तर-पूर्व में स्थित झेंक्सियोंग काउंटी, गुइझोउ और सिचुआन प्रांतों की सीमा से लगता है और 2020 तक, इसे गरीबी से पीड़ित क्षेत्र के रूप में वर्गीकृत किया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu