कांग्रेस इस बार 40 सीटें भी नहीं जीतेगी, सपा को चार भी नसीब न होंगी : अमित शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 23 May 2024 08:21 PM
कांग्रेस इस बार 40 सीटें भी नहीं जीतेगी, सपा को चार भी नसीब न होंगी : अमित शाह
ऑडियो सुनें

सिद्धार्थ नगर/संत कबीर नगर/आंबेडकर नगर. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा चुनाव के शुरुआती पांच चरणों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 310 सीटें मिलने का दावा करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि इस बार कांग्रेस 40 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पायेगी और समाजवादी पार्टी (सपा) को चार सीटें भी नसीब नहीं होंगी. शाह ने सिद्धार्थ नगर, संत कबीर नगर और आंबेडकर नगर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया.

उन्होंने डुमरियागंज से निवर्तमान सांसद एवं भाजपा उम्मीदवार जगदम्बिका पाल के समर्थन में आयोजित एक चुनावी सभा में दावा किया, ”लोकसभा चुनाव के शुरुआती पांच चरणों में मोदी जी (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) 310 सीटें जीत चुके हैं. विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का सूपड़ा साफ हो गया है.” गृह मंत्री ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस इस बार 40 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी और अखिलेश जी (सपा प्रमुख अखिलेश यादव) को चार सीटें भी नसीब नहीं होंगी.

शाह ने भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सहयोगी निषाद पार्टी के मुखिया संजय निषाद के बेटे प्रवीण कुमार निषाद के समर्थन में संत कबीर नगर के खलीलाबाद में एक चुनावी रैली को भी संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर अपने परिवार के सदस्यों के लिए काम करने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा, ”लालू प्रसाद यादव अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, उद्धव ठाकरे अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, मंत्री शरद पवार अपनी बेटी को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, स्टालिन अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, ममता बनर्जी अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना चाहती हैं और सोनिया गांधी अपने बेटे राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं.” शाह ने सवाल किया, ”जो व्यक्ति अपने बेटे, बेटी और रिश्तेदार के लिए काम करता है क्या वह संतकबीरनगर की जनता के लिए काम करेगा? देश की 130 करोड़ जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का परिवार है और वह उनका काम कर रहे हैं.” उन्होंने कहा कि एक तरफ राहुल गांधी हैं जो छुट्टी मनाने इटली, थाईलैंड और बैंकॉक जाते हैं और दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी हैं जिन्होंने 23 साल से कोई छुट्टी नहीं ली है और वह तो अपनी दीपावली भी सीमा पर सैनिकों के साथ मनाते हैं.

शाह ने विपक्ष पर राम मंदिर निर्माण को 70 साल से अधिक समय तक रोकने आरोप लगाते हुए कहा कि यह चुनाव राम मंदिर बनाने वाले और राम भक्तों पर गोली चलाने वालों के बीच है. शाह ने विपक्ष के इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) गठबंधन पर तंज करते हुए कहा, ”विपक्ष घमंडिया गठबंधन बनाकर आगे बढ़ा है. मैं आज यहां से राहुल बाबा (कांग्रेस नेता राहुल गांधी) से पूछना चाहता हूं कि वैसे तो दूर-दूर तक कोई संभावना नहीं है क्योंकि मोदी जी ही प्रधानमंत्री बनने वाले हैं, मगर देश की जनता जानना चाहती है कि अगर आपको बहुमत मिलता है तो आपका प्रधानमंत्री कौन होगा?”

शाह ने सवालिया अंदाज में कहा कि क्या देश ऐसे चल सकता है? उन्होंने कहा, ”राहुल बाबा यह परचून की दुकान नहीं है… 130 करोड़ का महान देश है.” गृह मंत्री ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर का मुद्दा उठाते हुए कहा, ”इन लोगों की मानसिकता तो देखिए कि पाकिस्तान के पास परमाणु बम है तो पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर भी उसे दे देंगे. परमाणु बमों से देश के मसले हल नहीं होते हैं, नेता के परमाणु बम जैसे इरादों से होते हैं जो मोदी जी के हैं.” गृह मंत्री ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश से आतंकवाद और नक्सलवाद को खत्म कर दिया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu