आईसीसी ने पुरुष टी20 विश्व कप के लिए स्टार सुसज्जित कमेंटरी पैनल की घोषणा की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 24 May 2024 07:40 PM
आईसीसी ने पुरुष टी20 विश्व कप के लिए स्टार सुसज्जित कमेंटरी पैनल की घोषणा की
ऑडियो सुनें

दुबई. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अगले महीने शुरू होने वाले टी20 विश्व कप के लिए शुक्रवार को स्टार सुसज्जित कमेंटरी पैनल की घोषणा की जिसमें क्रिकेट और प्रसारण के कुछ बड़े नाम जैसे पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री और महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर शामिल हैं. टी20 विश्व कप दो से 29 जून तक अमेरिका और वेस्टइंडीज में खेला जायेगा. क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने वाले दिनेश कार्तिक को भी कमेंटरी पैनल में चुना गया है. मुख्य कमेंटेटरों में शास्त्री, नासिर हुसैन, इयान स्मिथ, मेल जोंस, हर्षा भोगले और इयान बिशप शामिल हैं.

आधुनिक खेल की जानकारी देने के लिए पूर्व पुरुष और महिला टी20 विश्व कप चैम्पियन जैसे कार्तिक, इबोनी रेनफोर्ड ब्रेंट, सैमुअल बद्री, कार्लोस ब्रेथवेट, स्टीव स्मिथ, आरोन फिंच और लिसा स्थालेकर शामिल हैं. पूर्व वनडे विश्व कप विजेता रिकी पोंटिंग, गावस्कर, मैथ्यू हेडन, रमीज राजा, इयोन मोर्गन, टॉम मूडी और वसीम अकरम भी अपना आकलन करेंगे. विश्व कप कमेंटरी में पदार्पण करने वालों में अमेरिकी कमेंटेटर जेम्स ओ ब्रायन शामिल हैं.

कमेंटरी टीम के बड़े नामों में डेल स्टेन, ग्रीम स्मिथ, माइकल एथरटन, वकार यूनिस, सिमोन डोउल, शॉन पोलाक और कैटी मार्टिन के साथ प्रसारण में मशहूर क्रिकेटर एमपुमेलेलो एमबांग्वा, नटाली जर्मानोस, डैनी मोरिसन, अलीसन मिचेल, एलन विल्किन्स, ब्रायन मुर्गाट्रोयड, माइक हेसमैन, इयान वार्ड, अथर अली खान, रसेल अर्नाल्ड, नियाल ओ ब्रायन, कासा नायडू और वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान डेरेन गंगा मौजूद हैं. आईसीसी टीम टी20 विश्व कप की एक एआई की मदद से बनने वाली फीड भी मुहैया करायेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu