केरल: चलती कार में स्विमिंग पूल बनाने वाला यूट्यूबर तलब

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 May 2024 07:44 PM
केरल: चलती कार में स्विमिंग पूल बनाने वाला यूट्यूबर तलब
ऑडियो सुनें

अलप्पुझा. केरल में एक लोकप्रिय मलयाली फिल्म से प्रेरित होकर कथित तौर पर खतरनाक स्टंट का प्रयास करने वाले यूट्यूबर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. उसने कथित तौर पर चलती कार में तिरपाल की मदद से स्विमिंग पूल बनाया और उसमें पानी भर दिया. यूट्यूबर संजू टेकी ने इस स्टंट का वीडियो पोस्ट किया, जिसे कुछ ही समय में हजारों लोगों ने देखा. वीडियो में संजू और उसके दोस्त पानी से भरी चलती कार में आनंद लेते नजर आ रहे हैं. यूट्यूबर पर विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन का आरोप है. वाहन का पंजीकरण प्रमाणपत्र भी निलंबित कर दिया गया है.

यूट्यूबर हाल ही में अपने सोशल मीडिया चैनल पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में दोस्तों के साथ कार के अंदर “पूल” में तैरते और नारियल पानी पीते हुए दिख रहा है. कार को एक व्यस्त सड़क पर आगे बढ़ते हुए देखा जा सकता है जबकि कुछ लोग कार के अंदर बने अस्थायी पूल में डुबकी लगा रहे हैं. जब पानी चालक की सीट और इंजन में रिसना शुरू हुआ तो संजू और उसके दोस्तों को बीच में ही कार रोककर पानी निकालते हुए देखा गया जिससे क्षेत्र में भारी यातायात जाम हो गया. वीडियो की व्यापक आलोचना होने पर यहां मोटर वाहन विभाग (एमवीडी) ने संजू टेकी को तलब किया, जिसके बाद वह बुधवार को प्रवर्तन सड़क परिवहन अधिकारी के समक्ष पेश हुआ.

एमवीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां पत्रकारों को बताया, ह्लउन्होंने वाहन से पानी खतरनाक तरीके से सड़क पर छोड़ दिया, जिससे सड़क पर अन्य वाहनों में सवार लोगों के लिए गंभीर सुरक्षा खतरा पैदा हो गया.” आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सजा के तौर पर टेकी और वाहन में सवार तीन अन्य लोगों को एक सप्ताह तक यहां सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में समाज सेवा करने और विभाग के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने का निर्देश दिया गया. उन्होंने बताया कि कार चलाने वाले व्यक्ति का लाइसेंस भी एक साल के लिए निलंबित किया जाएगा. यूट्यूबर और उसके दोस्त कथित तौर पर, हाल ही में आई एक मलयालम फिल्म का स्विमिंग पूल का दृश्य दोहराने की कोशिश कर रहे थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu