कांग्रेस, सपा मुस्लिम आरक्षण की वकालत करके भारत के विभाजन की जमीन तैयार कर रही हैं: आदित्यनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 May 2024 08:33 PM
कांग्रेस, सपा मुस्लिम आरक्षण की वकालत करके भारत के विभाजन की जमीन तैयार कर रही हैं: आदित्यनाथ
ऑडियो सुनें

कुशीनगर. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी मुस्लिम आरक्षण की वकालत करके देश के एक और विभाजन की जमीन तैयार कर रही हैं. मुख्यमंत्री ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र में दावा किया गया है कि अगर वे सत्ता में आए तो अल्पसंख्यकों को खाने की आजादी देंगे. उन्होंने कहा कि मुसलमान गायों को काटकर गोमांस खाना चाह सकते हैं, लेकिन हिंदू इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे.

आदित्यनाथ ने कहा, “कांग्रेस और सपा मुस्लिम आरक्षण की वकालत करके देश के विभाजन की नींव रख रही हैं. वे व्यक्तिगत कानून लागू करना चाहती हैं, लेकिन भाजपा भारत में तालिबान जैसी सरकार नहीं चलने देगी. हमारा देश संविधान से चलेगा, शरिया कानून से नहीं.” उन्होंने कहा कि भाजपा जहां विकास के लिए सर्मिपत है, वहीं कांग्रेस-सपा गठबंधन अपनी फूट डालो और राज करो की नीति पर अड़ी हुई हैं.

उन्होंने कहा कि वे देश के विभाजन के लिए जिम्मेदार थे और अब वे देश को जाति, क्षेत्र और भाषाई आधार पर बांटने की कोशिश कर रहे हैं. आदित्यनाथ ने जोर देते हुए कहा कि बी. आर. आंबेडकर धर्म के नाम पर आरक्षण देने के पूरी तरह खिलाफ थे. उन्होंने कहा कि ये लोग पिछड़े वर्गों, एससी और एसटी के लिए आरक्षण मुसलमानों में बांट देंगे और आंबेडकर ने कहा था कि धर्म कभी भी आरक्षण का आधार नहीं हो सकता.

उन्होंने कहा कि कुशीनगर जिले ने 1985 से 2019 तक भाजपा के चिरकालिक नारे ‘राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’ को सुना है. उन्होंने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस ने राम मंदिर के लिए बाधाएं पैदा कीं, लेकिन जब लोगों ने ‘कमल’ (भाजपा का चुनाव चिन्ह) को वोट दिया तो सब कुछ बदल गया. उन्होंने कहा, “अब हम आने वाली पीढि.यों को गर्व के साथ बता सकेंगे कि हमने राम मंदिर का निर्माण होते देखा है.” आदित्यनाथ ने कहा कि राम मंदिर के लिए प्रधानमंत्री को श्रेय दिया जाना चाहिए, लेकिन मोदी और उनके पीछे असली ताकत जनता है.

उन्होंने कहा कि जब जनता सांसदों और विधायकों को चुनती है, तो वे ताकत बन जाते हैं जो विकास में मदद करते हैं. उन्होंने कहा, “देश भर में ‘फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार’ के नारे की गूंज से केवल 60 सीट पर चुनाव लड़ रही सपा हताश हो रही है, जिनमें से पांच सीट सैफई परिवार (यादव परिवार) के सदस्यों की हैं.” उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कहीं भी कोई दंगा नहीं हुआ है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कोई भी गाय, बेटियों या व्यापारियों को नुकसान पहुंचाने की हिम्मत नहीं कर सकता. उन्होंने कहा कि ऐसा करने वालों को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी. आदित्यनाथ ने कहा कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने की कीमत अब जेल नहीं बल्कि नर्क है. उन्होंने कहा, “अब कोई भी सुरक्षा को खतरे में नहीं डाल पाएगा. अब त्योहार भी शांतिपूर्वक मनाए जा रहे हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu