भाजपा तीसरी बार केंद्र की सत्ता में नहीं लौटेगी: ममता बनर्जी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 May 2024 08:42 PM
भाजपा तीसरी बार केंद्र की सत्ता में नहीं लौटेगी: ममता बनर्जी
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार सत्ता में नहीं लौटेगी. यादवपुर और दक्षिण कोलकाता लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 12 किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा, ”यदि मतगणना प्रक्रिया सही ढंग से हुई तो ऐसी संभावना है कि भाजपा इस बार सत्ता में वापसी नहीं कर पायेगी.”

उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री के पद का एक खास महत्व है और इसकी संवैधानिक जिम्मेदारियां हैं, लेकिन उन्हें (भाजपा) इसकी परवाह नहीं है. हर बार मतगणना से पहले वह 48 घंटे तक प्रचार पाने के लिए कहीं न कहीं बैठ जाते हैं. वे ध्यान लगा सकते हैं, लेकिन कैमरों की मौजूदगी में ही ऐसा क्यों?” तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख बनर्जी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बृहस्पतिवार को लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान के समापन के बाद कन्याकुमारी में रॉक मेमोरियल में निर्धारित ध्यान कार्यक्रम का जिक्र कर रही थीं. पिछले लोकसभा चुनाव में प्रचार के बाद मोदी ने केदारनाथ के निकट एक गुफा में ध्यान लगाया था.

बनर्जी ने बुधवार को कहा था कि यदि कन्याकुमारी में प्रधानमंत्री मोदी के ध्यान का टेलीविजन पर प्रसारण किया जाता है तो उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस निर्वाचन आयोग से शिकायत करेगी. उन्होंने आरोप लगाया था कि ऐसा करना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होगा. बनर्जी के रोड शो में बड़ी संख्या में लोग पार्टी के झंडे लेकर चल रहे थे. ममता बनर्जी ने पूरे रास्ते चलते हुए भीड़ की ओर हाथ हिलाया और कभी-कभी हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया. इस रोड शो के साथ, बनर्जी ने अपना लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान समाप्त कर दिया और इस दौरान उन्होंने 107 सभाओं और रोड शो में लोगों को संबोधित किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu