नयी दिल्ली. उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मौजूदा सांसद और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर एक लाख से अधिक मतों की बढ़त हासिल कर ली है. ईरानी ने 2019 में इस सीट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को पराजित किया था.
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध ताजा आंकड़ों के अनुसार शर्मा ने ईरानी पर 1,10,684 मतों की बढ़त हासिल कर ली है.
एक और अप्रत्याशित परिणाम पश्चिम बंगाल की बहरामपुर सीट से सामने आ रहा है, जहां तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) उम्मीदवार और पहली बार चुनाव लड़ रहे यूसुफ पठान निवर्तमान लोकसभा में कांग्रेस के नेता और छह बार के सांसद अधीर रंजन चौधरी से 29,781 मतों से आगे हैं. केंद्रीय मंत्री और खीरी से दो बार सांसद रहे अजय कुमार टेनी समाजवादी पार्टी (सपा) के उत्कर्ष वर्मा मधुर से 30,337 मतों से पीछे चल रहे हैं.
भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी भी सुल्तानपुर निर्वाचन क्षेत्र में सपा उम्मीदवार रामभुआल निषाद से 22,637 मतों से पिछड़ गई हैं. भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष अन्नामलाई कुप्पुसामी कोयंबटूर में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के गणपति राजकुमार पी से 33,230 मतों से पीछे हैं.