असम: राजग को 10 सीटों पर बढ़त, कांग्रेस चार सीट पर आगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jun 2024 06:05 PM
असम: राजग को 10 सीटों पर बढ़त, कांग्रेस चार सीट पर आगे
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी. असम में सत्तारूढ़ भाजपा और उसके सहयोगी असम गण परिषद (अगप) और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) 10 लोकसभा सीटों पर आगे हैं, जबकि कांग्रेस चार सीट पर बढ़त बनाए हुए है. निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी आठ सीट पर बढ़त बनाए हुए है.

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल डिब्रूगढ़ में, काजीरंगा में राज्यसभा सदस्य कामाख्या प्रसाद तासा, तेजपुर में विधायक रंजीत दत्ता, लखीमपुर में मौजूदा सांसद प्रदान बरुआ, गुवाहाटी में बिजुली कलिता मेधी, ??दारंग-उदालगुड़ी में दिलीप सैकिया, दिफू में अमर सिंह तिस्सो और सिलचर में परिमल शुक्लाबैद्य आगे चल रहे हैं.

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल अगप और यूपीपीएल ने भी बरपेटा और कोकराझार में बढ़त बना रखी है, जहां से क्रमश: फणीभूषण चौधरी और जयंत बसुमतारी उम्मीदवार हैं. कांग्रेस की ओर से लोकसभा में विपक्ष के उपनेता गौरव गोगोई जोरहाट से, मौजूदा सांसद प्रोद्युत बारदोलोई नगांव से, विधायक रकीबुल हुसैन धुबरी से और हाफिज रशीद अहमद चौधरी करीमगंज से आगे चल रहे हैं.

पीछे चल रहे प्रमुख उम्मीदवारों में धुबरी में एआईयूडीएफ अध्यक्ष और तीन बार के सांसद बदरुद्दीन अजमल और जोरहाट में मौजूदा भाजपा सांसद तपन गोगोई शामिल हैं डिब्रूगढ़ में सोनोवाल अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी संयुक्त विपक्षी उम्मीदवार लुरिनज्योति गोगोई से 2,37,521 मतों से आगे हैं, जबकि कांग्रेस नेता गौरव गोगोई भाजपा के मौजूदा सांसद तपन गोगोई से 1,13,862 मतों से आगे हैं.

ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के अध्यक्ष एवं धुबरी से सांसद बदरुद्दीन अजमल असम की धुबरी लोकसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार रकीबुल हुसैन से 5,04,415 लाख वोटों से पीछे हैं. बरपेटा में अगप के फणी भूषण चौधरी अपने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी दीप बयान से 1,62,647 वोटों से आगे हैं.

बराक घाटी के दो निर्वाचन क्षेत्रों में असम के मंत्री परिमल शुक्लाबैद्य कांग्रेस उम्मीदवार सूर्यकांत सरकार से 1,69,132 मतों से आगे हैं, जबकि करीमगंज में भाजपा के मौजूदा सांसद कृपानाथ मल्ला कांग्रेस के हफीज रशीद अहमद चौधरी से 6,115 मतों से पीछे.
ब्रह्मपुत्र के उत्तरी तट के सोनितपुर और लखीमपुर निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवार रंजीत दत्ता और प्रदान बरुआ ने अपने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वियों पर क्रमश? 2,27,256 और 1,60,469 मतों की बढ़त बना ली है.

नगांव में कांग्रेस के मौजूदा सांसद बारदोलोई 1,34,543 वोटों से आगे हैं, जबकि भाजपा के मौजूदा सांसद दिलीप सैकिया दारंग-उदालगुड़ी में 2,36,604 मतों से आगे हैं. काजीरंगा में राज्यसभा सांसद कामाख्या प्रसाद तासा 1,27,387 मतों से आगे हैं. गुवाहाटी में भाजपा के बिजुली कलिता मेधी 1,77,720 वोटों से, दिफू में अमर सिंग तिस्सो 77,425 मतों से और कोकराझार में यूपीपीएल के जोयंत बसुमतारी 38,560 मतों से आगे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu