अमरावती. आंध्र प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटकों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) और जनसेना ने मंगलवार को लोकसभा की तीन सीट पर जीत दर्ज की है जबकि 18 अन्य पर आगे चल रही है. निर्वाचन आयोग के नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक भाजपा के बी.श्रीनिवास वर्मा ने नरसिंहपुर लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की. वह इस चुनाव में राजग की ओर से राज्य में सीट जीतने वाले पहले उम्मीदवार बने. वर्मा ने वाईएसआर कांग्रेस पार्टी की जी उमाबाला को 2.76 लाख मतों के अंतर से हराया. उन्हें कुल 7,07,343 मत मिले जबकि उमाबाला को 4,30,541 मत मिले.
भाजपा की आंध्र प्रदेश इकाई की अध्यक्ष डी. पुरंदेश्वरी ने राजमुंदरी लोकसभा सीट 2.39 लाख मतों के अंतर से जीत ली. उन्होंने 7,26,515 मत प्राप्त कर वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के जी श्रीनिवास को हराया, जिन्हें 4,87,376 मत मिले. तेदेपा के के. शिवनाथ ने विजयवाड़ा लोकसभा सीट से अपने बड़े भाई और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी के. श्रीनिवास को 2.82 लाख मतों से हराया. शिवनाथ को 7,94,154 मत मिले जबकि श्रीनिवास को 5,12,069 मतों से संतोष करना पड़ा.