शिमला. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश की सभी चार लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज कर ली. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर लोकसभा सीट से लगातार पांचवीं बार जीत हासिल की जबकि अभिनेत्री कंगना रनौत और राजीव भारद्वाज ने क्रमश: मंडी और कांगड़ा सीट से अपना अपना पहला चुनाव जीता. भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने अपनी शिमला सीट बरकरार रखी.
कांग्रेस न केवल मंडी लोकसभा सीट बरकरार रखने में विफल रही, जिसे 2021 के उपचुनाव में प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा ने छीना था, बल्कि शिमला (सुरक्षित) सीट के गढ़ को फिर से हासिल करने का उसका सपना भी टूट गया, क्योंकि भाजपा ने लगातार चौथी बार यह सीट जीत ली. हालांकि, 2019 के लोकसभा चुनाव में जीत का अंतर जो कांगड़ा में 4,77,623, मंडी में 4,05,559, हमीरपुर में 3,99,572 और शिमला (सुरक्षित) में 3,27,515 था, वह घटकर क्रमश? कांगड़ा में 2,51,895, मंडी में 7,4755, हमीरपुर में 1,82,357 और शिमला में 9,05,48 रह गया.
मंडी लोकसभा सीट जीतने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को जाता है : कंगना रनौत
हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से जीत दर्ज करने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार अभिनेत्री कंगना रनौत ने मंगलवार को कहा कि इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है. कंगना ने मंडी लोकसभा सीट पर कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह को 74,755 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल कर ली है.
कंगना ने विधानसभा में विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर, विधायकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता को उन्हें चुनने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को जाता है. कंगना ने कहा कि लोगों ने पारिवारिक विरासत के खिलाफ और आम जनता के पक्ष में वोट दिया है. उन्होंने कहा कि वह मंडी के लोगों के लिए सच्चे दिल से काम करेंगी.
इस बीच, जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी के मतदाताओं ने कंगना के खिलाफ टिप्पणी करने वालों को जवाब दे दिया है. उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से ही मोदी तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं. ठाकुर ने कहा कि मंडी लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को भारी अंतर से जीत मिली है.