प्रधानमंत्री की राजनीतिक और नैतिक हार हुई: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jun 2024 06:50 PM
प्रधानमंत्री की राजनीतिक और नैतिक हार हुई: खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को कहा कि इस लोकसभा चुनाव का परिणाम जनता और लोकतंत्र की जीत है तथा यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राजनीतिक एवं नैतिक हार है. खरगे ने संवाददाताओं से कहा, ”यह जनता का परिणाम है. यह जनता की जीत है, लोकतंत्र की जीत है. हम पहले से कह रहे थे कि यह लड़ाई मोदी बनाम जनता थी.” उनका कहना था, ”18वीं लोकसभा के इस चुनाव में हमने विनम्रता से जनमत को स्वीकार किया है. इस बार जनता ने किसी एक दल को पूर्ण बहुमत नहीं दिया. खासकर सत्ताधारी भाजपा ने एक व्यक्ति और एक चेहरे के नाम पर वोट मांगा था.” खरगे ने कहा, ”यह प्रधानमंत्री की राजनीतिक और नैतिक हार है. यह उनकी बहुत बड़ी हार है.”

कांग्रेस का धीमी मतगणना का आरोप, निर्वाचन आयोग से शिकायत की

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव की मतगणना में गति धीमी होने का दावा करते हुए मंगलवार को निर्वाचन आयोग से शिकायत की. पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने आयोग से आग्रह किया कि हर चरण की मतगणना के आंकड़े वेबसाइट पर समयबद्ध तरीके से सार्वजनिक किए जाएंगे. इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस नेता अभिषेक सिंघवी और सलमान खुर्शीद शामिल थे.

सिंघवी ने संवाददाताओं से कहा, ”हमें अपनी राज्य इकाइयों और उम्मीदवारों से रिपोर्ट मिली है कि चुनाव आयोग की वेबसाइट पर दोपहर 2:30 बजे के बाद मतगणना अपडेट मिलने में देरी हो रही है. हमने यह भी बताया कि संसदीय क्षेत्र के आधार पर कोई अपडेट नहीं है. हमने कोई आरोप नहीं लगाया है, हमने सिर्फ अपडेट देने के लिए कहा है.” उनका कहना था, ”हमारी बात चुनाव आयोग ने सुनी है और कहा है कि वे अपडेट करने में किसी भी तरह की देरी नहीं होने देंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu