हम राजग में हैं, राजग में ही रहेंगे : जद(यू) नेता के.सी. त्यागी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jun 2024 07:00 PM
हम राजग में हैं, राजग में ही रहेंगे : जद(यू) नेता के.सी. त्यागी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. लोकसभा चुनाव की मतगणना के रुझानों के मद्देनजर नीतीश कुमार नीत जनता दल (यूनाइटेड) के अगले कदम को लेकर लगाई जा रही अटकलों के बीच, पार्टी के वरिष्ठ नेता के. सी. त्यागी ने मंगलवार को कहा कि वे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में हैं और ”हम राजग में ही रहेंगे.” जद(यू) के ‘इंडिया’ गठबंधन में लौट सकने की अटकलों पर त्यागी ने यहां पीटीआई-वीडियो से कहा, ”यह हमारा अंतिम निर्णय है.” मतगणना के ताजा रुझानों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने वाली है लेकिन भाजपा के बहुमत हासिल करने की संभावना नहीं है. भाजपा को सरकार बनाने के लिए राजग के अपने सहयोगी दलों के समर्थन की जरूरत पड़ेगी.

इस बीच, ये अटकलें लगाई जा रही हैं कि जद(यू) वापस ‘इंडिया’ गठबंधन में जा सकता है जिसने चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया है.
हालांकि, त्यागी ने कहा कि इस तरह की अफवाहों पर विराम लगना चाहिए. उन्होंने कहा, ”यह हमारा अंतिम निर्णय है. हम राजग में हैं और राजग में ही रहेंगे.” नीतीश का जद(यू) शुरूआत में ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा था, जिसका गठन 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा नीत राजग का मुकाबला करने के लिए किया गया था. अतीत में भी, नीतीश ने कई बार पाला बदला है और चुनाव से कुछ महीने पहले वह विपक्षी गठबंधन को छोड़कर फिर से राजग में शामिल हो गये थे. बिहार में लोकसभा की कुल 40 सीट है. राज्य में जद(यू) की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर त्यागी ने कहा कि मतगणना जारी है और उनकी पार्टी ”बिहार में 16 में 13 सीट पर बढ़त बनाये हुए है.” जद(यू) ने 16 सीट पर चुनाव लड़ा है.

समग्र रुझानों पर उन्होंने कहा, ”लोगों का फैसला सर्वोपरि है. नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार राजग की सरकार बनेगी. जनता के सभी फैसलों का हम आदर और सत्कार करते हैं.” उत्तर प्रदेश में मतगणना के रुझानों के बारे में पूछे जाने पर त्यागी ने कहा, ”इस बार उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सोशल इंजीनियरिंग, ‘बूथ केमिस्ट्री’ बदल गई है. यह उसी का नतीजा है.”

त्यागी ने कहा, ”आज हम राजग में दूसरे नंबर की पार्टी हैं. हम दूसरे नंबर पर हैं.” उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) चाहेंगे और निमंत्रण भेजेंगे तो हमारे नेता नीतीश कुमार सकारात्मक जवाब देंगे.” त्यागी से जब पूछा गया कि क्या भाजपा का प्रदर्शन उम्मीदों से कम रहा है, उन्होंने कहा, ”अगर यह (मोदी का) करिश्मा नहीं होता, तो भाजपा को इतनी सीट कैसे मिलती.” उन्होंने कहा, ”लेकिन, भाजपा और हम सभी को बैठकर चर्चा करनी चाहिए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu