मेघालय : कांग्रेस ने एनपीपी से तुरा सीट छीनी, लेकिन 15 साल बाद शिलांग में मिली हार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jun 2024 09:35 PM
मेघालय : कांग्रेस ने एनपीपी से तुरा सीट छीनी, लेकिन 15 साल बाद शिलांग में मिली हार
ऑडियो सुनें

शिलांग. कांग्रेस ने मंगलवार को मेघालय की तुरा लोकसभा सीट एनपीपी से छीन ली, लेकिन 15 साल बाद उसे शिलांग सीट पर हार का सामना करना पड़ा. निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी. तुरा लोकसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार सालेंग ए संगमा ने नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) की प्रत्याशी अगाथा के. संगमा को 1,55,241 मतों से हराया. कांग्रेस उम्मीदवार को 3,83,919 वोट मिले, जबकि एनपीपी उम्मीदवार को 2,28,678 वोट मिले. टीएमसी उम्मीदवार जेनिथ एम संगमा 48,709 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे.

मौजूदा सांसद अगाथा के संगमा मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा की बहन हैं, जो एनपीपी के प्रमुख भी हैं. एनपीपी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)का हिस्सा है. शिलांग में वॉयस ऑफ द पीपुल्स पार्टी (वीपीपी) के उम्मीदवार रिकी ए जे सिंगकोन ने तीन बार के कांग्रेस सांसद विन्सेंट एच पाला को 3,71,910 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की.

सिंगकोन को 5,71,078 वोट मिले, जबकि पाला को 1,99,168 वोट मिले. इस सीट पर एनपीपी उम्मीदवार अमपरीन लिंगदोह तीसरे स्थान पर रहे. मुख्यमंत्री ने हार स्वीकार करते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”हम विनम्रतापूर्वक जनता के जनादेश को स्वीकार करते हैं और उसका सम्मान करते हैं तथा सालेंग ए संगमा और रिकी एजे सिंगकोन को शुभकामनाएं देते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu