कोहिमा. कांग्रेस ने 20 साल के अंतराल के बाद नगालैंड की एकमात्र लोकसभा सीट जीतकर मंगलवार को इतिहास रच दिया. निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी. पार्टी का राज्य विधानसभा में कोई सदस्य नहीं है. लोकसभा चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार पटेल ने संवाददाताओं को बताया कि कांग्रेस उम्मीदवार एस सुपोंगमेरेन जमीर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) के उम्मीदवार चुम्बेन मुरी को 50,984 मतों के अंतर से हराया.
उन्होंने बताया कि जमीर को 4,01,951 वोट मिले, जबकि मुरी को 3,50,967 वोट मिले और निर्दलीय उम्मीदवार हेइथुंग तुंगो लोथा को 6,232 वोट मिले. कांग्रेस का 2014 के बाद से राज्य विधानसभा में कोई सदस्य नहीं है. पार्टी ने इससे पहले 1999 में यह लोकसभा सीट जीती थी.