अगरतला. भाजपा ने मंगलवार को त्रिपुरा में दोनों लोकसभा क्षेत्रों को बरकरार रखा और उसके उम्मीदवारों ने ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रत्याशियों को भारी अंतर से हराया. पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार बिप्लब कुमार देब ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष कुमार साहा को 6,11,578 मतों से हराकर त्रिपुरा पश्चिम लोकसभा सीट जीती. वर्ष 2019 में, भाजपा की प्रतिमा भौमिक ने त्रिपुरा पश्चिम सीट 5,73,532 मतों के अंतर से जीती थी.
वहीं, टिपरा मोथा के संस्थापक प्रद्योत देबबर्मा की बहन एवं भाजपा उम्मीदवार कृति देवी देबबर्मन ने त्रिपुरा पूर्व लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की. कृति ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी माकपा उम्मीदवार राजेंद्र रियांग को 4,86,819 मतों से हराया. कृति को 7,77,447 वोट जबकि रियांग को 2,90,628 वोट मिले. पिछले आम चुनाव में भाजपा उम्मीदवार रेबती ने यह सीट 4.5 लाख से अधिक वोटों से जीती थी.