त्रिशूर. लोकसभा चुनाव में त्रिशूर सीट से ऐतिहासिक जीत हासिल करने वाले भाजपा नेता और अभिनेता सुरेश गोपी जब यहां पहुंचे, तो पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक खुशी से झूम उठे. परिणामों की घोषणा के समय तिरुवनंतपुरम में मौजूद रहे गोपी का यहां पहुंचने पर पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भव्य स्वागत किया और सड़कों पर जश्न का माहौल था.
पार्टी कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों ने यहां पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और जोशपूर्ण नृत्य के साथ अभिनेता का स्वागत किया.
यहां पहुंचने पर भाजपा नेताओं वी. मुरलीधरन और राजीव चंद्रशेखर तथा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के. सुरेन्द्रन ने गोपी का स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने एक खुले वाहन में रोड शो शुरू किया, जिसके आगे कार्यकर्ता मोटरसाइकिल, कार और ऑटो रिक्शा पर पार्टी के झंडे लेकर चल रहे थे.
रोड शो के पूरे रास्ते में बड़ी संख्या में लोग उनका स्वागत करने के लिए जुटे रहे. कई पार्टी कार्यकर्ताओं ने मीडिया से कहा कि “राज्य में कमल खिल गया है”. एक और समर्थक ने दावा किया, ह्लसुरेश गोपी के जरिए केरल में यह खिलता रहेगा.ह्व गोपी ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के नेता वी. एस. सुनील कुमार को रोमांचक मुकाबले में हरा दिया. निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, गोपी को कुल 4,12,338 वोट मिले, जबकि सुनील कुमार को 3,37,652 वोट मिले. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. मुरलीधरन 3,28,124 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे.