लोकसभा के लिए चुनी गईं 73 महिला सांसद, पिछले आम चुनाव के मुकाबले संख्या घटी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 05 Jun 2024 08:39 PM
लोकसभा के लिए चुनी गईं 73 महिला सांसद, पिछले आम चुनाव के मुकाबले संख्या घटी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/शिमला. लोकसभा चुनाव के मंगलवार को आए नतीजों में कुल 73 महिलाएं चुनी गईं जबकि 2019 के आम चुनाव में यह संख्या 78 थी. देश भर से निचले सदन के लिए चुनी गईं कुल महिला सांसदों में से पश्चिम बंगाल 11 महिलाओं के साथ सबसे आगे है. कुल 797 महिला उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था, जिसमें भाजपा ने सबसे अधिक 69 को और कांग्रेस ने 41 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया था.

संसद में महिला आरक्षण विधेयक पारित होने के बाद यह पहला चुनाव है. इस कानून में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है. यह कानून अभी लागू नहीं हुआ है. निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार, इस बार भाजपा की 30 महिला उम्मीदवारों ने लोकसभा चुनाव जीता, कांग्रेस की 14, तृणमूल कांग्रेस की 11, समाजवादी पार्टी की चार, द्रमुक की तीन और जनता दल (यूनाइटेड) और लोजपा (आर) की दो-दो महिला उम्मीदवार जीतीं.

सत्रहवीं लोकसभा में महिला सांसदों की संख्या सबसे अधिक 78 थी, जो कुल संख्या का 14 प्रतिशत थी. 16वीं लोकसभा में 64 महिलाएं सदस्य थीं जबकि 15वीं लोकसभा में यह संख्या 52 थी. भाजपा की हेमा मालिनी, तृणमूल की महुआ मोइत्रा, राकांपा (शरदचंद्र पवार) की सुप्रिया सुले और समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव ने लोकसभा चुनाव में अपनी सीटें बरकरार रखीं जबकि कंगना रनौत और मीसा भारती जैसी उम्मीदवारों ने अपनी जीत से सबका ध्यान अपनी ओर खींचा. मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की 25 वर्षीय उम्मीदवार प्रिया सरोज और कैराना सीट से 29 वर्षीय इकरा चौधरी जीत हासिल करने वाली सबसे कम उम्र की उम्मीदवारों में शामिल हैं.

हिमाचल से लोकसभा के लिए चुनी जाने वाली कंगना चौथी महिला
बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत हिमाचल प्रदेश से लोकसभा के लिए चुनी जाने वाली चौथी महिला हैं और ऐसी पहली महिला हैं जिनका संबंध भूतपूर्व शाही परिवार से नहीं है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार कंगना ने कांग्रेस के अपने प्रतिद्वंद्वी एवं रामपुर रियासत के वंशज विक्रमादित्य सिंह को मंडी लोकसभा क्षेत्र से 74,755 वोट से पराजित किया है. सिंह प्रदेश में लोक निर्माण मंत्री भी हैं.
इससे पहले देश की पहली स्वास्थ्य मंत्री और कपूरथला के तत्कालीन राजघराने से ताल्लुक रखने वाली राजकुमारी अमृत कौर 1952 में मंडी निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुनी गई थीं.

जोधपुर के पूर्व राजघराने की चंद्रेश कुमारी 1984 में कांगड़ा सीट से जीती थीं. उनका विवाह हिमाचल में हुआ था. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं रामपुर के पूर्ववर्ती राजघराने से ताल्लुक रखने वाली प्रतिभा सिंह 2004, 2013 और 2021 में मंडी सीट जीत चुकी हैं. कंगना मंडी सीट से निर्वाचित होने वाली तीसरी महिला हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu