ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पद से इस्तीफा दिया…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 06 Jun 2024 11:20 AM
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पद से इस्तीफा दिया…
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर: लोकसभा चुनाव के नतीजों के साथ ओडिशा विधानसभा चुनाव के नतीजे भी आ चुके हैं। विधानसभा चुनाव में नवीन पटनायक के नेतृत्व में बीजू जनता दल (बीजद) को हार का सामना करना पड़ा। बीजद के हार के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राज्यपाल रघुवर दास को अपना इस्तीफा सौंपा। इसी के साथ ओडिशा में बीजद के 24 साल का राज भी खत्म हो गया। अब भाजपा राज्य में अपनी सरकार बनाएगी।

ओडिशा विधानसभा की 147 सीटों में बीजद को केवल 51 सीटों पर ही जीत मिलीं। वहीं भाजपा ने 78 सीटों पर जीत हासिल की। इसके अलावा कांग्रेस को 14, निर्दलीय को तीन और सीपीएम को एक सीट पर जीत मिलीं। इसके अलावा ओडिशा की 21 लोकसभा सीटों में से भाजपा ने 20 पर और कांग्रेस ने एक सीट पर जीत हासिल की। लोकसभा चुनाव 2024 में बीजद का खाता भी नहीं खोल पाई।

मंगलवार को जारी रुझानों के बाद बीजद नेता नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया पर बीजद के कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “सभी विजेता उम्मीदवारों को शुभकामनाएं। मैं बीजू जनता दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रयास और योगदान का सम्मान करने के साथ उनका आभार व्यक्त करता हूं।”

बता दें कि नवीन पटनायक साल 2000 में पहली बार ओडिशा के मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद लगातार 24 वर्षों तक वे ओडिशा के सीएम के तौर पर कार्यरत रहें। सिक्किम के पवन कुमार चामलिंग के बाद नवीन पटनायक दूसरे ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जो 24 वर्षों तक सीएम पद पर बने रहे हैं। ओडिशा के मुख्यमंत्री बनने से पहले वह बीजद के अध्यक्ष और केंद्रीय इस्पात और खनन मंत्री के पद पर भी काम कर चुके हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav