राजग संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद मोदी ने आडवाणी और जोशी से मुलाकात की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 07 Jun 2024 07:12 PM
राजग संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद मोदी ने आडवाणी और जोशी से मुलाकात की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाने का दावा पेश करने से पहले शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी से उनके आवास पर मुलाकात की. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसदीय दल का नेता, भाजपा संसदीय दल का नेता और लोकसभा में भाजपा का नेता चुने जाने के तुरंत बाद मोदी ने आडवाणी से मुलाकात की. आडवाणी से मुलाकात के बाद वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष जोशी के आवास पर गए.

मुलाकातों के मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ”आडवाणी जी के आवास पर गया और उनका आशीर्वाद मांगा. हर भाजपा कार्यकर्ता पार्टी को मजबूत करने के आडवाणी जी के ऐतिहासिक प्रयासों से प्रेरित है.” उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, ”डॉ. मुरली मनोहर जोशी जी से मुलाकात की. जब मैं पार्टी संगठन में काम कर रहा था तब मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा. उनकी बुद्धिमत्ता और ज्ञान के लिए पूरे भारत में उनका बहुत सम्मान किया जाता है.” मोदी ने इसके बाद पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी मुलाकात की.

उन्होंने कहा, ”पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी से मुलाकात की. मैं उनके साथ बातचीत करना बहुत पसंद करता हूं. विशेष रूप से नीति और गरीबों को सशक्त बनाने के मामलों के उनके अद्वितीय दृष्टिकोण के लिए धन्यवाद.” मोदी ने बाद में राष्ट्रपति भवन जाकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया. पिछले दिनों संपन्न लोकसभा चुनाव में 543 सदस्यीय लोकसभा में भाजपा को 240 सीट मिली हैं, जबकि पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 293 सीट मिली हैं. राजग की सीट संख्या बहुमत के जादुई आंकड़े से अधिक है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu