प्रेम सिंह तमांग ने सिक्किम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Jun 2024 08:04 PM
प्रेम सिंह तमांग ने सिक्किम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली
ऑडियो सुनें

गंगटोक. एसकेएम के अध्यक्ष प्रेम सिंह तमांग ने सोमवार को लगातार दूसरी बार सिक्किम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली.
तमांग (56) को यहां पालजोर स्टेडियम में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. उनके साथ 11 अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली. शपथ ग्रहण समारोह में हजारों की संख्या में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) समर्थक मौजूद थे और उन्होंने नेपाली भाषा में शपथ लेने वाले तमांग का उत्साहवर्धन किया.

तमांग के शपथ लेते ही स्टेडियम में पटाखों की तेज आवाज गूंज उठी. सिक्किम में पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध है. मुख्यमंत्री के साथ 11 अन्य मंत्रियों ने शपथ ली, जिनमें सोनम लामा, अरुण कुमार उप्रेती, समदुप लेप्चा, भीम हंग लिंबू, भोज राज राय, जी. टी. धुंगेल, पूरन कुमार गुरुंग, पिंट्सो नामग्याल लेप्चा, नर बहादुर दहल, राजू बसनेत और शेरिंग थेंडुप भूटिया शामिल हैं.

सिक्किम में मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 12 सदस्य हो सकते हैं. तीन मंत्रियों अरुण कुमार उप्रेती, नर बहादुर दहल और राजू बसनेत ने नेपाली में, जबकि आठ अन्य मंत्रियों ने अंग्रेजी में शपथ ली. पिछली सरकार के केवल चार मंत्रियों को ही इस बार मंत्री बनाया गया है. मुख्यमंत्री ने एसकेएम के दो विधायकों भोज राज राय और राजू बसनेत को क्रमश: पोकलोक-कामरांग और नामचेयबुंग विधानसभा क्षेत्रों में एसडीएफ प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग को हराने के लिए मंत्री पद से पुरस्कृत किया है.

तमांग ने खामदोंग-सिंगताम से पहली बार विधायक बने नर बहादुर दाहाल को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया, जिन्होंने पिछले कार्यकाल में मुख्यमंत्री के खिलाफ विद्रोह करने वाले मणि कुमार शर्मा को हराया है. हालांकि, मुख्यमंत्री की पत्नी कृष्णा कुमारी राय समेत एसकेएम के टिकट पर चार महिलाओं के निर्वाचित होने के बावजूद महिलाओं को तमांग मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व नहीं मिल सका.

शपथ ग्रहण समारोह में एसकेएम के करीब 30,000 नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. इस समारोह को लेकर राज्य सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए आधे कार्य दिवस की घोषणा की थी और समारोह के लिए सुरक्षा प्रबंधों के तहत राज्य की राजधानी के आसपास के शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu