मंगलुरु. भारत के प्रधानमंत्री पद पर नरेन्द्र मोदी के लगातार तीसरी बार शपथ लेने की खुशी में मंगलुरु में ‘भारत माता की जय’ के नारे लगा रहे तीन युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. मंगलुरु पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल ने बताया कि नौ जून को बंटवाल के कोनाझे इलाके के बोलार में कुछ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थकों ने मस्जिद के समीप से गुजरते हुए हर्ष में ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाये जिससे वहां मुस्लिम समुदाय के लोग आक्रोश में आ गये.
उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में एकत्रित युवकों ने भाजपा समर्थक युवकों का मोटरसाइकिल से पीछा किया और लगभग दो किलोमीटर दूर एक बार के निकट तीन युवकों को घेर कर लाठी, डंडों से उनकी जमकर पिटाई की. उन्होंने बताया कि हमलावरों ने दो युवकों को चाकू से वारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. अग्रवाल ने बताया कि घायलों की पहचान हरीश (41), नंदकुमार (24) और कृष्णकुमार के रूप में हुई है जिन्हें डेराला कट्टे के के.एस हेगड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दो की हालत गंभीर है.
पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और बंटवाल पुलिस जांच कर रही है. घटना के बाद राज्य सरकार के मंगलुरु प्रभारी मंत्री दिनेश गुंडू राव ने घटना की निंदा की है और कहा कि जांच के बाद हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस बीच, बंटवाल के विधायक राजेश नायक और मंगलुरु शहर दक्षिण के विधायक वेदव्यास कामथ ने पुलिस से हिंदू युवकों पर हमला करने वालों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.