इंफाल. संदिग्ध उग्रवादियों ने मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के अग्रिम सुरक्षा काफिले पर कांगपोकपी जिले में घात लगाकर सोमवार को हमला कर दिया, जिसमें एक जवान घायल हो गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि काफिला हिंसा प्रभावित जिरीबाम जिले की ओर जा रहा था, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर कोटलेन गांव के पास सुबह करीब साढ़े दस बजे उस पर हमला हुआ.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों के वाहनों पर कई गोलियां दागी गईं, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की.
अधिकारी ने बताया कि काफिले के एक वाहन के चालक के दाहिने कंधे पर गोली लगी है और उसे इंफाल के एक अस्पताल में ले जाया गया है.
उन्होंने कहा, ”सुरक्षा बल राज्य की राजधानी से करीब 36 किलोमीटर दूर घात लगाकर किए गए हमले की जगह पर पहुंच गए हैं और बंदूकधारियों का पता लगाने के लिए तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है.” एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”मुख्यमंत्री बीरेन सिंह अभी दिल्ली से इंफाल नहीं पहुंचे हैं. वह जिले में स्थिति का जायजा लेने के लिए जिरीबाम जाने की योजना बना रहे थे.” संदिग्ध उग्रवादियों ने शनिवार को जिरीबाम में दो पुलिस चौकियों, वन विभाग के कार्यालय और कम से कम 70 मकानों में आग लगा दी थी.