पीसीबी का सुझाव, अगले साल की चैम्पियंस ट्रॉफी में लाहौर में खेले भारत अपने सभी मैच

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Jun 2024 07:31 PM
पीसीबी का सुझाव, अगले साल की चैम्पियंस ट्रॉफी में लाहौर में खेले भारत अपने सभी मैच
ऑडियो सुनें

लाहौर. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मुहिम में सुझाव दिया कि पड़ोसी देश अगले साल की आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) चैम्पियंस ट्राफी के दौरान लाहौर में अपने सभी मैच खेले.
पीसीबी के एक विश्वस्त सूत्र ने कहा कि आईसीसी को भेजे गये टूर्नामेंट के ‘ड्राफ्ट कार्यक्रम’ में यह सुझाव दिया गया है.

सूत्र ने कहा, ”हां, भारतीय टीम की यात्रा कम करने और सर्वश्रेष्ठ सुरक्षा इंतजाम मुहैया कराने के लिए उनके सभी मैच लाहौर में कराने का सुझाव दिया गया है. ” भारत ने पिछले साल सुरक्षा चिंताओं की वजह से एशिया कप के लिए पाकिस्तान में खेलने से इनकार कर दिया था जिसके बाद उसके सभी मैच श्रीलंका में कराये गये थे. पाकिस्तान को अगले साल 19 फरवरी से नौ मार्च के बीच आईसीसी के इस 50 ओवर के टूर्नामेंट की मेजबानी करनी है.

आईसीसी कार्यकारी बोर्ड को अभी ‘ड्रॉफ्ट कार्यक्रम’ को मंजूरी देनी है लेकिन पीसीबी ने चैम्पियंस ट्राफी के मैचों के लिए अन्य स्थलों में कराची और रावलपिंडी को भी रखा है. पाकिस्तान 1996 के बाद पहली बार किसी बड़े आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा, हालांकि उसने 2008 में पूरे एशिया कप की मेजबानी की थी और पिछले साल भी इसी टूर्नामेंट के कुछ मैच अपनी सरजमीं पर कराये थे. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) को अभी आधिकारिक रूप से पुष्टि करनी है कि वह राष्ट्रीय टीम को आईसीसी टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान भेजेगा या नहीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu