रियासी. जम्मू-कश्मीर में श्रद्धालुओं को ले जा रही बस पर आतंकी हमले में नौ लोगों की मौत के बाद भी भक्त डरे नहीं हैं और सुरक्षा बलों और भगवान में विश्वास रखते हुए शिव खोरी मंदिर का रुख कर रहे हैं. श्रद्धालु मंगलवार को पोनी क्षेत्र के तेरयाथ गांव के निकट घटनास्थल पर कुछ देर के लिए रुके तथा उन्होंने ‘भारत माता की जय’ और ‘भारतीय सेना जिंदाबाद’ के नारे लगाए एवं मृतकों के लिए प्रार्थना की.
महाराष्ट्र से आए 20 लोगों के समूह में शामिल प्रमिला बजाज ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ह्ल हमें आतंकवादी हमले के बारे में खबरों से पता चला, लेकिन हमने माता रानी (वैष्णो देवी) के दर्शन के लिए अपनी यात्रा जारी रखने का निर्णय लिया.ह्व समूह माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन के बाद शिव खोरी मंदिर जाने के दौरान घटनास्थल पर रुका और मौके को देखा जहां बस अब भी खाई में पड़ी थी. रविवार शाम को इसी बस पर हमला किया गया था.
बजाज ने कहा, ह्ल जो कुछ भी हुआ वह भयानक था. मृतकों में एक दो साल का बच्चा और उसकी मां शामिल हैं… हम दिवंगत आत्माओं के लिए प्रार्थना करते हैं.ह्व आतंकवादियों ने श्रद्धालुओं को शिव खोरी मंदिर से कटरा में माता वैष्णो देवी मंदिर ले जा रही 53 सीट वाली बस पर पोनी इलाके में तेरयाथ गांव के पास रविवार को गोलीबारी कर दी थी. हमले के बाद बस खाई में जा गिरी थी. वाहन में उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली के श्रद्धालु सवार थे. घटना में नौ लोगों की मौत हो गई थी तथा 41 अन्य चोटिल हो गए थे.
महाराष्ट्र से ही तालुक रखने वाली मंगला महाजन ने कहा, ह्लडर स्वाभाविक है लेकिन हमें अपने सुरक्षा बलों पर पूरा भरोसा है जो अपनी जान की परवाह किए बिना हमारे देश की रक्षा करते हैं. हमें अपने भगवान पर पूरा भरोसा है.ह्व महाजन ने कहा, “हमें पूरा विश्वास है कि हमारी सेना आतंकवादियों को पकड़ लेगी और उन्हें दंडित करेगी.”
उन्होंने कहा, “हमने वैष्णो देवी में दर्शन किए और अब शिव खोरी की ओर जा रहे हैं… हमलावरों को दंडित किया जाएगा क्योंकि हमारी सेना उनके लिए बड़े पैमाने पर तलाश अभियान चला रही है.” उन्होंने कहा, “हम दुश्मन खेमे को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करते हैं अन्यथा हमारी सेना उनका सफाया कर देगी.” श्रद्धालुओं की बस पर किए गए हमले में शामिल आतंकवादियों का पता लगाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है और पुलिस सेना और सीआरपीएफ की 11 टीम काम कर रही हैं तथा पोनी तेरयाथ इलाके की कई तरफ से घेराबंदी की गई है.
एक अधिकारी ने कहा, “वैष्णो देवी और शिव खोरी दोनों मंदिरों के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है. आतंकवादी हमले के मद्देनजर दोनों स्थानों की नए सिरे से सुरक्षा समीक्षा की गई.” सूत्र ने बताया कि रियासी और राजौरी दोनों तरफ से शिव खोरी की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ सुरक्षा बढ़ा दी गई है.