ऑनलाइन ऑर्डर कर मंगाई गई आइस्क्रीम में मानव के कटे हुए अंगूठे का टुकड़ा निकला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 13 Jun 2024 07:30 PM
ऑनलाइन ऑर्डर कर मंगाई गई आइस्क्रीम में मानव के कटे हुए अंगूठे का टुकड़ा निकला
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई के मलाड इलाके में एक व्यक्ति की आइस्क्रीम की खुशी उस वक्त गायब हो गई जब ऑनलाइन ऑर्डर कर मंगाई गई ‘कोन’ आइस्क्रीम में इंसान के अंगूठे की तरह दिखने वाला मांस का एक टुकड़ा मिला. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.
पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार को दोपहर में हुई थी, जिसके बाद व्यक्ति ने पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस के अनुसार मलाड निवासी और पेशे से चिकित्सक 26 वर्षीय ब्रेंडन फेराओ के साथ यह वाकया हुआ.

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ”फेराओ ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने ‘यम्मो कंपनी’ की बटरस्कॉच कोन आइसक्रीम के लिए ऑनलाइन ऑर्डर दिया था. जब वह दोपहर में खाना खाने के बाद आइसक्रीम खा रहे थे तो कोन में से एक मांस का टुकड़ा निकला, जिसमें नाखून भी था.” उसने बताया कि फेराओ ने यह मुद्दा उठाते हुए आइसक्रीम कंपनी के इंस्टाग्राम पेज पर इसकी शिकायत दर्ज कराई.

अधिकारी ने बताया कि शिकायत करने पर कंपनी ने कोई उचित जवाब नहीं दिया, जिसके बाद शिकायतकर्ता ने मांस के टुकड़े को बर्फ की थैली में रखा और मलाड पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर यम्मो आइसक्रीम कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 272 (बिक्री के लिए खाद्य या पेय में मिलावट), 273 (हानिकारक खाद्य और पेय की बिक्री) और 336 (दूसरों के जीवन या सुरक्षा को खतरे में डालना) के तहत मामला दर्ज किया है.

पत्रकारों से इस घटना के बारे में बात करते हुए फेराओ ने कहा कि जब वह आइसक्रीम खा रहा था तो अचानक उसके मुंह में एक बड़ा टुकड़ा आया, उसने सोचा कि शायद यह अखरोट होगा, लेकिन बाद में उसे अहसास हुआ कि इसमें कुछ गड़बड़ है. जिसके बाद उसने अपने मुंह से टुकड़ा बाहर निकाला और मांस का टुकड़ा देख वह हैरान रह गया. उसने कहा कि चिकित्सक होने के नाते वह मानव अंगों से भलीभांति परिचित है और इसी से उसने यह जाना कि मांस का टुकड़ा कटा हुआ अंगूठा है.

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रवींद्र अडाणे ने बताया कि नाखून समेत मांस के टुकड़े का आकार करीब डेढ. सेंटीमीटर है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वह यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह आइसक्रीम कहां से लाई गई थी और कब और कहां इसे तैयार किया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu