कोरबा: कुएं से कथित तौर पर जहरीली गैस रिसने से चार लोगों की मौत, एक ही दिन में दूसरी घटना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 05 Jul 2024 06:59 PM
कोरबा: कुएं से कथित तौर पर जहरीली गैस रिसने से चार लोगों की मौत, एक ही दिन में दूसरी घटना
ऑडियो सुनें

कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शुक्रवार को कुएं से कथित तौर पर जहरीली गैस रिसने से पिता और पुत्री समेत चार लोगों की मौत हो गई है. पुलिस ने यह जानकारी दी. इसी तरह की एक अन्य घटना में राज्य के जांजगीर-चांपा जिले में आज पांच लोगों की मौत हो गई. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कोरबा जिले में कटघोरा थाना क्षेत्र के जुराली गांव में एक कुएं से कथित तौर पर जहरीली गैस का रिसाव होने के कारण जहरू पटेल (60), उनकी पुत्री सपीना पटेल (16), शिवचरण उर्फ कलीराम पटेल (45) और मनबोध पटेल (57) की मौत हो गई है.

उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्यों के मुताबिक आज दोपहर काम करने के दौरान जहरू पटेल अचानक कुएं में गिर गये और यह पता चलने सपीना उन्हें बचाने के लिए कुएं में उतरी लेकिन दोनों ऊपर नहीं आ सके. अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद परिवार के दो अन्य सदस्य शिवचरण और मनबोध पिता-पुत्री को निकालने कुएं में उतरे लेकिन वे भी बाहर नहीं निकल पाये. उन्होंने बताया कि बाद में परिवार के सदस्यों ने पुलिस को इस घटना की जानकारी दी तब पुलिस दल मौके पर पहुंचा और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के दल को भी वहां भेजा गया.

कोरबा जिले के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि पुलिस को आशंका है कि कुएं में जहरीली गैस होने के कारण सभी उसकी चपेट में आ गए. हालांकि तिवारी का कहना है कि जांच के बाद ही इस संबंध में अधिक जानकारी मिल पायेगी. शुक्रवार सुबह राज्य के जांजगीर-चांपा जिले में बिर्रा थाना क्षेत्र के किकिरदा गांव में इसी तरह की एक घटना में पिता-पुत्र समेत पांच लोगों की मौत हो गई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu