गढ़चिरौली मुठभेड़ में 12 नक्सली मारे गए, उन पर कुल 86 लाख रुपये का था इनाम

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 18 Jul 2024 10:39 PM
गढ़चिरौली मुठभेड़ में 12 नक्सली मारे गए, उन पर कुल 86 लाख रुपये का था इनाम
ऑडियो सुनें

गढ़चिरौली. महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को मार गिराया गया. मरने वाले नक्सलियों पर कुल 86 लाख रुपये का नकद इनाम था. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने दावा किया कि अभियान की सफलता के कारण माओवादियों के कोरची-टीपागढ़ दलम एवं चटगांव-कासनसूर दलम का सफाया हो गया है. बुधवार को छत्तीसगढ़ सीमा के पास हुई मुठभेड़ में पांच महिला उग्रवादियों समेत कुल 12 नक्सली मारे गए थे. मुठभेड़ में तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए. एक अधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी दोपहर में शुरू हुई और करीब छह घंटे तक चली.

गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है, ”कल सुबह विश्वसनीय सूचना मिली कि कोरची-टीपागढ़ एवं चटगांव-कासनसूर के संयुक्त स्थानीय संगठन दस्ते (एलओएस) के 12 से 15 सदस्य वंडोली गांव में छत्तीसगढ़ की सीमा के पास वन क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं . इनका उद्देश्य नक्सलियों द्वारा मनाए जाने वाले आगामी शहीद सप्ताह (28 जुलाई से तीन अगस्त) के मद्देनजर विध्वंसकारी गतिविधियों को अंजाम देना है.” इसमें कहा गया है, ”पुलिस उपाधीक्षक (ऑपरेशन) विशाल नागरगोजे के नेतृत्व में माओवादी विरोधी सी-60 दस्ते की सात इकाइयों को तत्काल क्षेत्र में तलाशी अभियान के लिए भेजा गया. जब टीमें अभियान में लगी हुई थीं, तब माओवादियों ने उन पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसका सी-60 टीमों ने मुहंतोड़ जवाब दिया.” पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पुलिस का दबाव बढ़ता देख माओवादी घने जंगल की ओर भाग गये .

उन्होंने बताया कि गोलीबारी के बाद इलाके की तलाशी ली गई, जिसमें सात पुरुष और पांच महिला माओवादियों के शव बरामद हुए.
अधिकारी ने बताया कि शवों के अलावा, पुलिस ने मौके से सात स्वचालित हथियार, तीन एके 47 राइफल, दो इंसास राइफल, एक कार्बाइन गन और एक सेल्फ लोडिंग राइफल (एसएलआर), माओवादी साहित्य, विस्फोटक, डेटोनेटर और अन्य सामान बरामद किया.
नीलोत्पल ने बताया, ”मुठभेड़ में नक्सलियों के कोरची-टीपागढ़ एवं चटगांव-कासनसूर इलाके के डिवीजनल कमेटी के तीन कुख्यात कैडर, पांच एरिया कमेटी सदस्य और चार दलम सदस्य मारे गए, जिन पर कुल 86 लाख रुपये का इनाम था.”

उन्होंने बताया, ”उत्तरी गढ़चिरौली के ज्यादातर हिस्से से सशस्त्र माओवादी समूहों का सफाया हो गया है.” पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए माओवादियों की पहचान योगेश तुलावी उर्फ नरेंद्र (36), विशाल अतराम उर्फ ??लक्ष्मण (43) और प्रमोद कचलामी (31) के रूप में हुई है. तीनों चटगांव-कासनसूर दलम के थे और प्रत्येक पर 16-16 लाख रुपये का इनाम था. उन्होंने बताया कि अन्य मृतक, महारू गावड़े (31), अनिल दर्रो (28), सरिता परसा (37), रज्जो गावड़े (35) और विज्जू, सभी चटगांव-कासनसूर और कोरची-टीपागढ़ एलओएस के एरिया कमेटी सदस्य थे और प्रत्येक पर 6-6 लाख रुपये का इनाम था.

चंदा पोद्याम, सीता हॉके, रोजा और सागर – सभी चटगांव-कासनसूर और कोरची-टीपागढ़ एलओएस के सदस्य थे, जिन पर दो-दो लाख रुपये का इनाम था. नीलोत्पल ने कहा, ”2021 से गढ़चिरौली में 80 कट्टर माओवादियों को मार गिराया गया है, 102 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है और 29 अन्य ने गढ़चिरौली पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu