उडुपी/गाजियाबाद. कर्नाटक के उडुपी में एक मेडिकल छात्र को एक सहपाठी पर हमला करने और उसे इस्लाम धर्म अपनाने के लिए मजबूर करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. उडुपी पुलिस ने यह जानकारी दी. मणिपाल पुलिस थाने में मिली एक गुमनाम शिकायत के अनुसार मोहम्मद दानिश खान (27) की हिंदू समुदाय की एक सहपाठी से दोस्ती हो गई थी. उसने कथित तौर पर 11 मार्च को उसे घर बुलाया और उसके साथ मारपीट की.
शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया कि खान ने उसे इस्लाम धर्म अपनाने के लिए कहा था और ऐसा न करने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी. छात्रा ने कहा कि तब से लेकर 28 अगस्त तक, जब उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करने का निर्णय लिया, उसे खान लगातार फोन कर रहा था और वह उसे इस्लाम धर्म अपनाने के लिए दबाव बना रहा था. खान राजस्थान का रहने वाला है और यहां मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है. उसे सोमवार को गिरफ्तार किया गया और मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
गाजियाबाद का मदरसा शिक्षक नाबालिग छात्र के साथ कुकर्म के आरोप में गिरफ्तार
गाजियाबाद के अंकुर विहार इलाक.े में स्थित एक मदरसे के शिक्षक को 13 वर्षीय छात्र के साथ कथित तौर पर कुकर्म करने के आरोप में मंगलवार को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. सहायक पुलिस आयुक्त (अंकुर विहार) भाष्कर वर्मा ने बताया कि शिक्षक की पहचान साकिब के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का रहने वाला है. उसे पीड़ित छात्र के पिता की तहरीर पर दर्ज प्राथमिकी के आधार पर गिरफ़्तार किया गया.
एसीपी ने कहा, ”पुलिस ने शिक्षक को 13 वर्षीय छात्र के साथ कुकर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया है, जो पिछले कई महीनों से पढ.ाई के लिए मदरसे में रह रहा था.” उन्होंने बताया, ”छात्र के पिता ने मंगलवार को एक शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षक ने छात्र को अपने कमरे में अपने साथ सोने के लिए मजबूर किया. शिक्षक ने लड़के को उसकी गतिविधियों के बारे में किसी और को बताने पर मारपीट की धमकी भी दी थी.” अधिकारी ने कहा, सोमवार को, पीड़ित लड़का किसी तरह अपने पिता को अपनी आपबीती बताने में कामयाब रहा, जिन्होंने पुलिस से संपर्क किया और मामला दर्ज किया गया, जिससे शिक्षक की गिरफ्तारी हुई.