रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के दौरे से पहले रायपुर रेलवे स्टेशन की बदली तस्वीर, पटरी से प्लेटफॉर्म तक तेज हुई तैयारी

Chhattisgarh News: 12 अक्टूबर को रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव रायपुर पहुंचेंगे। उनके दौरे और RPF के 42वें स्थापना दिवस कार्यक्रम को लेकर रेलवे स्टेशन से आयोजन स्थल तक सफाई, मरम्मत और साज-सज्जा का काम तेज कर दिया गया है।
Author: www.navabharat.news
UPDATED: Wed, 07 Oct 2026 09:57 AM
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के दौरे से पहले रायपुर रेलवे स्टेशन की बदली तस्वीर, पटरी से प्लेटफॉर्म तक तेज हुई तैयारी
ऑडियो सुनें

रायपुर: रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के 12 अक्टूबर को रायपुर दौरे को लेकर रेलवे प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। रेलवे स्टेशन से लेकर डब्ल्यूआरएस मैदान स्थित आयोजन स्थल तक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म, रेल पटरियों, फुटओवरब्रिज और आसपास के क्षेत्रों में सफाई व मरम्मत का काम तेज कर दिया गया है।

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के 42वें स्थापना दिवस समारोह में रेलमंत्री के शामिल होने की तैयारी है। कार्यक्रम को लेकर मैदान में परेड की रिहर्सल भी चल रही है। अधिकारियों की निगरानी में रेलवे परिसर को व्यवस्थित करने का काम किया जा रहा है।

जंग लगी जालियों और पटरियों की भी मरम्मत

रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से सात तक सफाई और रखरखाव का काम चल रहा है। स्टेशन परिसर में पुरानी जालियों की सफाई के साथ उन्हें बेहतर रूप देने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

रेल पटरियों के आसपास जमा गंदगी और काई को हटाया जा रहा है। पुराने पटरी चुल्लों की मरम्मत के लिए रेलवे कर्मचारियों की टीम काम कर रही है। जहां जरूरत है, वहां पुराने हिस्सों को हटाकर दोबारा अल्कतरा आदि का इस्तेमाल कर उन्हें ठीक किया जा रहा है।

नए फुटओवरब्रिज के पास लिफ्ट का काम जारी

रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर नए फुटओवरब्रिज से जुड़ी लिफ्ट लगाने का काम भी चल रहा है। निर्माण कार्य के दौरान क्रेन और अन्य उपकरणों की वजह से यात्रियों के आवागमन की जगह प्रभावित हो रही है।

ट्रेन आने के समय प्लेटफॉर्म पर भीड़ बढ़ने से यात्रियों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे की ओर से निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने की कोशिश की जा रही है।

खमतराई ओवरब्रिज के आसपास भी तैयारी

डीआरएम कार्यालय से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सड़क और आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित किया जा रहा है। खमतराई ओवरब्रिज के दोनों ओर पर्दे और अस्थायी ढांचे लगाए जा रहे हैं।

रेलवे इंस्टीट्यूट के पास से आयोजन स्थल तक सीसी रोड तैयार की गई है। मैदान के आसपास मुरम की सड़क बनाने का काम भी जारी है। रेलमंत्री के कार्यक्रम से पहले पूरे मार्ग को व्यवस्थित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

परेड की रिहर्सल में जुटे RPF जवान

RPF स्थापना दिवस कार्यक्रम को लेकर जवान लगातार परेड की तैयारी कर रहे हैं। आयोजन स्थल पर प्रतिदिन रिहर्सल हो रही है। समारोह में होने वाली गतिविधियों को लेकर रेलवे अधिकारियों की निगरानी भी बढ़ाई गई है।

रायपुर के अलग-अलग स्थानों पर RPF बैंड की प्रस्तुति

RPF के 42वें स्थापना दिवस को खास बनाने के लिए बैंड पार्टी की ओर से शहर के विभिन्न स्थानों पर संगीतमय प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। भाठागांव बस स्टैंड में RPF बैंड ने लोकप्रिय और देशभक्ति गीतों की धुनें प्रस्तुत कीं।

इससे पहले NIT रायपुर के मुख्य गेट के पास भी बैंड की प्रस्तुति हुई थी। 7 अक्टूबर को तेलीबांधा स्थित मरीन ड्राइव पर शाम 4:30 से 5:30 बजे तक रेलवे सुरक्षा बल के ब्रास और पाइप बैंड की विशेष प्रस्तुति प्रस्तावित है।

रेलमंत्री के दौरे और स्थापना दिवस समारोह को देखते हुए रेलवे प्रशासन स्टेशन से लेकर आयोजन स्थल तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news