
नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर अमेरिका में उनकी ताजा टिप्पणी को लेकर तीखा हमला बोला और उन्हें भारतीय लोकतंत्र के लिए ‘काला धब्बा’ करार दिया. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर विदेश में अपनी टिप्पणियों से भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया.
उन्होंने कहा, ”हर कोई जानता है कि राहुल गांधी एक अपरिपक्व और पार्ट-टाइम (अंशकालिक) नेता हैं. लेकिन जब से वह (लोकसभा में) विपक्ष के नेता बने हैं, तब से लोगों ने उनके कंधों पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी डाल दी है.” भाटिया ने यहां भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”लेकिन मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि राहुल गांधी भारतीय लोकतंत्र के लिए काला धब्बा हैं. उन्हें यह भी नहीं पता है कि विदेशों में क्या बातें कही जाती हैं.” भाजपा प्रवक्ता अमेरिका में एक कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के खिलाफ गांधी की टिप्पणी को लेकर संवाददाताओं के सवालों का जवाब दे रहे थे.
भारतीय-अमेरिकी समुदाय को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा था कि भारतीय राजनीति से प्रेम, सम्मान और विनम्रता गायब हैं. उन्होंने भारत को एक ‘विचार’ मानने के लिए आरएसएस की आलोचना भी की. राहुल ने कहा था, ”आरएसएस मानता है कि भारत एक विचार है. हम मानते हैं कि भारत विचारों की विविधता वाला देश है.” कांग्रेस नेता ने रविवार को डलास में अपनी वर्तमान अमेरिका यात्रा पर भारतीय प्रवासियों के साथ अपनी पहली बातचीत के दौरान यह टिप्पणी की.
गांधी अमेरिका की चार दिवसीय अनौपचारिक यात्रा पर हैं. इस दौरान वह डलास, टेक्सास और वाशिंगटन की यात्रा करेंगे और भारतीय मूल के लोगों एवं युवाओं से बातचीत करेंगे. सोमवार से शुरू हुई वाशिंगटन की अपनी यात्रा के दौरान उनकी अमेरिका के सांसदों और वहां की सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने की भी योजना है. गांधी ने भारत में विनिर्माण पर ध्यान केंद्रित किए जाने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा है कि वैश्विक उत्पादन में चीन का प्रभुत्व है इसलिए वह बेरोजगारी का सामना नहीं कर रहा है जबकि भारत और अमेरिका समेत पश्चिमी देश बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे हैं.
इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी ”चीन के खिलाफ एक भी शब्द नहीं बोल सकते और न ही कोई बयान दे सकते हैं.” उन्होंने कहा, ”वह भारत को कमजोर करते हैं. वह चीन के साथ खड़े हैं.” भाटिया ने दावा किया कि कांग्रेस ने अपने शासन के दौरान चीन के साथ ‘पार्टी-टू-पार्टी एमओयू’ पर हस्ताक्षर किए थे.
उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, यह उसी समझौता ज्ञापन का नतीजा है. अगर मैं गलत हूं तो मैं राहुल गांधी और (कांग्रेस अध्यक्ष) मल्लिकार्जुन खरगे को चुनौती देता हूं कि वे एमओयू (सहमति पत्र) को सार्वजनिक करें.” भाजपा के एक अन्य प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा कि राहुल जिस तरह से भारत की निंदा करते हैं और विदेशी धरती पर चीन की प्रशंसा करते हैं, वह साबित करता है कि वह और कुछ नहीं बल्कि ‘चीनी चंदे पर फलने-फूलने वाले भारत विरोधी मोहरे हैं’.
शुक्ला ने कहा कि चीन में बेरोजगारी की दर 17 प्रतिशत से ज्यादा है लेकिन गांधी कहते हैं कि पड़ोसी देश में बेरोजगारी नहीं है.
टेक्सास विश्वविद्यालय में छात्रों से बातचीत के दौरान गांधी ने यह भी कहा कि भाजपा और आरएसएस का मानना है कि महिलाओं को एक खास भूमिका तक सीमित रखना चाहिए- उन्हें ”घर पर रहना चाहिए, खाना बनाना चाहिए” और बहुत अधिक बात नहीं करनी चाहिए. उन्होंने कहा, “हमारा मानना है कि महिलाओं को वह सब करने की अनुमति दी जानी चाहिए जो हर कोई करना चाहता है.” केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी की टिप्पणी के लिए उनकी आलोचना की और कहा कि आरएसएस ने लाखों स्वयंसेवक खड़े किए हैं जिन्होंने ‘अपना तन, मन और पूरा जीवन देश को सर्मिपत’ कर दिया.
उन्होंने कहा, “राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और विपक्ष के नेता भी देश के प्रति जवाबदेह हैं. विदेश जाकर देश की छवि खराब करना देशद्रोह जैसा अपराध है. कोई देशभक्त व्यक्ति ऐसा नहीं करता लेकिन ऐसा लगता है कि कांग्रेस को (लोकसभा चुनाव में) लगातार तीन बार हार मिलने के बाद राहुल गांधी हताश हैं.” भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने राहुल गांधी पर भारत, आरएसएस और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में झूठ फैलाने का आरोप लगाया और कांग्रेस नेता से कहा कि राजनीतिक लड़ाई विदेश में नहीं, बल्कि देश में लड़ें.
उन्होंने कहा, “क्या आपने जॉर्ज बुश, डोनाल्ड ट्रंप, बिल क्लिंटन या जो बाइडन को विपक्ष में रहते हुए किसी अन्य देश में अमेरिका के बारे में बुरा बोलते सुना है? उन्होंने अपने देश के बारे में कभी बुरा नहीं कहा.”
उन्होंने कहा, “लेकिन राहुल गांधी यह कर सकते हैं. वह ऐसा कर रहे हैं. राहुल गांधी देश, प्रधानमंत्री और आरएसएस की जानकारी के बिना झूठ बोल रहे हैं. सत्ता से दूर रहने की उनकी हताशा दूर नहीं हो रही है. यह अक्सर तब देखा जाता है जब कोई शाही परिवार में पैदा होता है और सत्ता खो देता है.” भाजपा के एक अन्य प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी पर महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मुद्दे पर चुनिंदा आधार पर चुप्पी साधे रखने का आरोप लगाया और कांग्रेस नेता से पूछा कि उन्होंने कोलकाता की एक चिकित्सक के कथित बलात्कार एवं हत्या तथा केरल कांग्रेस की नेता सिमी रोजबेल जॉन को पार्टी से निष्कासन पर क्यों चुप हैं.
उन्होंने कहा, “वैसे आपकी (राहुल गांधी की) पार्टी के विधायक शिवशंकरप्पा (कर्नाटक) ने कहा था कि खाना बनाना महिलाओं का काम है. आपकी पार्टी के एक विधायक शांति धारीवाल ने कहा था कि (राजस्थान में) बलात्कार होता है क्योंकि यह पुरुषों का राज्य है. इसलिए आपको अपनी पार्टी के लोगों के बारे में बात करनी चाहिए और उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए.”
कालिंदी एक्सप्रेस को पटरी से उतारने के प्रयास में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी: भाजपा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश के कानपुर में कालिंदी एक्सप्रेस ट्रेन को पटरी से उतारने के कथित प्रयास को ‘चिंता का विषय’ करार देते हुए सोमवार को कहा कि सरकार इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत इतना सक्षम है कि वह साजिश रचने वालों को नष्ट कर सकता है और उन्हें खत्म कर सकता है.”
उन्होंने कहा, ”यह चिंता का विषय है कि कुछ लोग और संगठन, सत्ता के लालच में देश को दंगे और अराजकता का गवाह बनते देखना चाहते हैं. इस तरह के कृत्यों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है और भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.” कानपुर जिले में रविवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया. अज्ञात लोगों ने प्रयागराज से भिवानी जा रही कालिंदी एक्सप्रेस के सामने पटरी पर रसोई गैस सिलिंडर रख दिया जिसे देखकर चालक ने इमर्जेंसी ब्रेक लगाए और सिलिंडर उससे टकराकर दूर जा गिरा.
रेलवे ने इस सिलसिले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. मामले की जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की अगुवाई में पांच टीमें गठित की गयी हैं. घटना में आतंकवादियों का हाथ होने की आशंका के मद्देनजर आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने भी मामले की अलग से जांच शुरू की है. इस घटना पर भाजपा नेता ने कांग्रेस और विपक्षी दलों के अन्य घटकों पर निशाना साधते हुए कहा, ”जो लोग मोहब्बत की दुकान की बात करते हैं लेकिन खुले में नफरत का बाजार खोलते हैं, उन्हें यह भी सोचना होगा कि वे विभाजनकारी ताकतों के साथ क्यों खड़े हैं.”



