हम 10 करोड़ छोटे खुदरा विक्रेताओं, दुकानदारों की आकांक्षाओं की रक्षा करेंगे: गोयल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 11 Sep 2024 07:58 PM
हम 10 करोड़ छोटे खुदरा विक्रेताओं, दुकानदारों की आकांक्षाओं की रक्षा करेंगे: गोयल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि सरकार 10 करोड़ छोटे खुदरा विक्रेताओं के हितों की रक्षा करेगी जिन्हें बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों से प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है. केंद्रीय मंत्री ने पिछले महीने ई-कॉमर्स कंपनियों की आलोचना की थी और उनके कारोबारी मॉडल पर सवाल उठाया था. उन्होंने कहा था कि इनकी वजह से देश में छोटे खुदरा विक्रेताओं को नुकसान हो रहा है.

गोयल ने कहा, “मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि हम 1.4 अरब भारतीयों की बेहतर जीवन गुणवत्ता, बेहतर भविष्य की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए आपके साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे, 14 करोड़ कृषक परिवारों की आकांक्षाओं को पूरा करेंगे… 10 करोड़ छोटे खुदरा विक्रेताओं, छोटी गली-मोहल्ले की दुकानों की आकांक्षाओं को पूरा करेंगे.” गोयल भारत-अमेरिका व्यापार परिषद के सदस्यों को संबोधित कर रहे थे.

उन्होंने कहा कि अमेरिका-भारत सीईओ मंच अपनी वाणिज्यिक वार्ता को आगे बढ.ाने के लिए दो-तीन अक्टूबर को वॉशिंगटन में बैठक करेगा. उन्होंने महत्वपूर्ण खनिजों के मामले में अमेरिका और भारत दोनों के लिए ‘चिंता की समान वजह’ बताते हुए इस क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर जोर दिया. गोयल ने कहा, “हमें महत्वपूर्ण खनिजों की दिशा में काम करना चाहिए जो एक जुझारू आपूर्ति श्रृंखला के लिए हमारी साझेदारी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. हमारे पास देने के लिए बहुत कुछ है और आपके पास भी देने के लिए बहुत कुछ है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu