योगी ने किया ‘फ्लोटिंग रेस्टोरेंट’ का उद्घाटन,कहा: यहां लोगों को नहीं मिलेंगी ‘थूक लगी रोटियां’

हर जिले का बड़ा माफिया एवं गुंडा सपा से जुड़ा था : आदित्यनाथ

गोरखपुर/अयोध्या/लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को यहां रामगढ़ ताल में एक ‘फ्लोटिंग रेस्टोरेंट’ का उद्घाटन किया तथा अराजक तत्वों द्वारा रोटियों पर कथित रूप से थूकने और फलों के जूस में पेशाब मिलाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इस भोजनालाय में लोगों को ‘थूक लगी रोटियां’ नहीं मिलेंगी.

आदित्यनाथ ने कहा, ”यह अच्छी बात है कि लोगों को कम से कम हापुड़ वाला जूस या थूक लगी रोटियां नहीं परोसी जाएंगी. यहां जो भी परोसा जाएगा, वह शुद्ध होगा.” मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी पिछले सप्ताह गाजियाबाद जिले के लोनी इलाके में फलों के रस में पेशाब मिलाकर बेचने के आरोप में दुकान के मालिक की गिरफ्तारी और उसके 15 साल के बेटे को हिरासत में लिये जाने के बाद की है.
इसी तरह गत 12 सितंबर को सहारनपुर जिले में एक रेस्त्रां में एक किशोर द्वारा रोटी बनाते समय उस पर कथित रूप से थूकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. इसके बाद रेस्त्रां के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया था. इससे पहले जून में नोएडा में पुलिस ने दो लोगों को जूस में थूक मिलाकर बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया था.

इसी साल श्रावण मास में राज्य सरकार ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर खाद्य स्टॉल, फल विक्रेताओं के लिए दुकान मालिकों के नाम प्रर्दिशत करना अनिवार्य कर दिया था. उसके इस आदेश की खासी आलोचना हुई थी. सरकार ने तर्क दिया था कि उसके इन निर्देशों का उद्देश्य पारर्दिशता को बढ़ावा देना था. गोरखपुर में रामगढ़ ताल पर निर्मित अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ‘फ्लोट’ नाम के इस ‘फ्लोटिंग रेस्टोरेंट’ का निर्माण 17 अगस्त, 2022 को शुरू हुआ. अधिकारियों के मुताबिक 9,600 वर्ग फुट के इस तीन मंजिला रेस्टोरेंट में एक बार में 150 लोग भोजन कर सकते हैं.

हर जिले का बड़ा माफिया एवं गुंडा सपा से जुड़ा था : आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि हर जिले का बड़ा माफिया एवं गुंडा सपा से जुड़ा था. उन्होंने पिछली सपा सरकार को निशाना बनाते हुए कहा कि माफिया समानांतर सरकार चलाकर अराजकता एवं गुंडागर्दी का तांडव करते थे तो बबुआ (यहां उनका आशय शायद सपा प्रमुख अखिलेश यादव से था) घर से बाहर नहीं निकलता था.

उन्होंने कहा, ”बबुआ 12 बजे सोकर उठता था. जनता पिसती थी.” आदित्यनाथ ने मिल्कीपुर में एक जनसभा में कहा कि हर जिले का बड़ा माफिया एवं गुंडा सपा से जुड़ा था, उसका पदाधिकारी या शागिर्द था. उन्होंने कहा कि मुस्लिम तुष्टिकरण की हद को पार करते हुए पर्व एवं त्योहारों में इन लोगों ने अराजकता फैलाई थी तथा होली, दीवाली, रक्षाबंधन-शिवरात्रि, रामनवमी-जन्माष्टमी पर पाबंदी लगा दी थी.

एक बयान के मुताबिक उन्होंने कहा कि इन्होंने थाना, पुलिस लाइन एवं जेलों में जन्माष्टमी के आयोजनों पर रोक लगा दी थी.
उन्होंने कहा कि हरे रामा, हरे कृष्णा की धुन कुछ लोगों को पसंद नहीं थी, इसलिए सपा इस पर पाबंदी लगा देती थी, कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगा देती थी. आदित्यनाथ ने दुर्गा पूजा में अयोध्या में हुए दंगे की याद दिलायी. उन्होंने कहा, ”सपा सरकार में देवकाली मंदिर में मूर्ति चोरी हो गई थी. बतौर सांसद गोरखपुर से आकर मैंने आंदोलन किया था.” मिशन मिल्कीपुर में जुटे मुख्यमंत्री ने रामनगरी अयोध्या में एक हजार करोड़ से अधिक की 83 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया. उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी चेक, चाबी, प्रमाण पत्र, सिलाई मशीन आदि प्रदान किया. मुख्यमंत्री ने मिल्कीपुर में कराए जाने वाले विकास कार्यों को भी गिनाया.

उन्होंने कहा,” 2017 से पहले उत्तर प्रदेश भारत के विकास का अवरोधक माना जाता था. अराजकता चरम पर थी. विकास योजनाओं में भेदभाव एवं महापुरुषों का अपमान होता था. भाजपा की डबल इंजन सरकार ने साढ़े सात वर्ष में विकास के कार्यों को तेज गति से बढ़ाया. आज फोरलेन, टू लेन सड़कें, गांव की बेहतर कनेक्टिविटी, गांव-मजरे में बिजली-पानी की व्यवस्था दिखती है.” मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2.62 करोड़ परिवारों को शौचालय एवं 56 लाख गरीबों को आवास दिया गया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 15 करोड़ लोग मुफ्त राशन पा रहे हैं, लेकिन 2017 के पहले सपा के गुंडे गरीबों का राशन हजम कर जाते थे.

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव पर अयोध्या के मंदिरों पर जब दीप जलते हैं तो सिर्फ सपा मुखिया और पाकिस्तान को परेशानी होती है क्योंकि इन्हें मालूम है कि अयोध्या में जलने वाला एक-एक दीप अयोध्या, प्रदेश एवं देश को रोशन करेगा और मानवता पर कैंसर बन चुके पाकिस्तान को भी नेस्तनाबूद करने का सामर्थ्य रखता है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत का दुश्मन है, उसे तो परेशानी होती है, लेकिन हिंदू विरोधी मानसिकता के कारण समाजवादी पार्टी को भी दिक्कत होती है.

आदित्यनाथ ने अयोध्या के अब सुंदरतम नगरी बनने का दावा करते हुए कहा कि दीपोत्सव से सपा को परेशानी होगी ही, क्योंकि इन्हें तो विवादित ढांचा प्यारा था, जिसे रामभक्तों ने नेस्तनाबूद किया था. उन्होंने कहा कि जिनके हाथ रामभक्तों के खून से सने हैं, वे जब अयोध्या की चर्चा करते हैं तो ताज्जुब होता है, लोग हंसते हैं कि ये अयोध्या के बारे में क्या चर्चा करेंगे.

उन्होंने सपा प्रमुख को निशाना बनाते हुए कहा कि माफिया के सामने नाक रगड़ने और दंगाइयों के सामने घुटने टेकने वाला व्यक्ति संत परंपरा को माफिया कहता है, इनके अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस गई है. उन्होंने कहा कि ये लोग गरीबों की जमीन पर कब्जा कर अराजकता फैलाते हैं. राजनीतिक स्वार्थ के लिए देशद्रोही तत्वों को प्रश्रय देते हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button