व्यक्ति और बुर्का पहने महिला ने लेखक सलीम खान को धमकी दी, हिरासत में लिए गए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 19 Sep 2024 08:23 PM
व्यक्ति और बुर्का पहने महिला ने लेखक सलीम खान को धमकी दी, हिरासत में लिए गए
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई के बांद्रा इलाके में अभिनेता सलमान खान के पिता और लेखक सलीम खान को धमकाने के बाद एक पुरुष और बुर्का पहने हुए एक महिला को हिरासत में लिया गया. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने कहा कि लेखक सलीम खान बुधवार को सुबह की सैर के बाद बांद्रा बैंडस्टैंड में बैठे थे कि तब इनके पास आए महिला और पुरुष ने जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर उन्हें धमकी दी.

एक अधिकारी ने कहा कि पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिस को बताया कि वे सलीम खान के साथ केवल मजाक कर रहे थे. अधिकारी ने कहा, ”दोपहिया वाहन पर जा रहे एक पुरुष और बुर्का पहने हुए एक महिला ने बैंडस्टैंड पर सलीम खान को बैठे हुए देखा. वे यूटर्न लेकर उनके पास पहुंचे और कहा कि ‘लॉरेंस बिश्नोई को भेजूं क्या’?” अधिकारी के मुताबिक सलीम खान को धमकाने के बाद दोनों वहां से चले गए.

सलीम खान के सुरक्षाकर्मी ने दोपहिया वाहन का नंबर देखा और बुधवार को बांद्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की और दोनों का पता लगा लिया. उन्होंने बताया कि दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 292 के तहत “सार्वजनिक रूप से उपद्रव करने” और कुछ अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. जून 2022 में, जब सलीम खान सुबह की सैर के बाद बांद्रा बैंडस्टैंड में एक बेंच पर बैठे थे, तो एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें एक पत्र दिया था, जिसमें उन्हें और उनके बेटे सलमान को जान से मारने की धमकी दी गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu